
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष राजेश तिवारी, प्रदेश महासचिव अशोक सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष आनन्द सिंह तथा कार्यकारी अध्यक्ष सुरेश सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने सोमबार खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय से बापू भवन स्थित उनके सरकारी कार्यालय में शिष्टाचार भेंट कर कोटेदारों की समस्याओं एवं मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।
उल्लेखनीय है कि संगठन द्वारा कोटेदारों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर 28 जुलाई , 2026 को शांति मार्च आयोजित करने की घोषणा की गई थी। प्रतिनिधिमंडल से वार्ता के दौरान खाद्य एवं रसद मंत्री ने ज्ञापन में उल्लिखित बिंदुओं पर गंभीरतापूर्वक चर्चा की तथा आश्वस्त किया कि सरकार कोटेदारों की विधिसम्मत एवं वास्तविक समस्याओं और मांगों पर संवेदनशीलता के साथ विचार करेगी।
संगठन के अनुरोध पर मंत्री ने 12 अगस्त, 2026 को प्रदेश के विभिन्न संगठनों के 31 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ विस्तृत बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया है। इस बैठक में कोटेदारों के समक्ष आ रही समस्याओं, व्यावहारिक कठिनाइयों तथा व्यवस्थागत विसंगतियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल ने सरकार पर विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन केवल कोटेदारों की वास्तविक एवं न्यायोचित समस्याओं के समाधान की अपेक्षा रखता है तथा इन्हें सरकार के समक्ष रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत करना चाहता है।
प्रदेश अध्यक्ष राजेश तिवारी ने 12 अगस्त, 2026 को बैठक का समय निर्धारित किए जाने पर खाद्य एवं रसद मंत्री का आभार व्यक्त किया। मंत्री ने आश्वासन दिया कि बैठक में कोटेदारों की उचित एवं व्यवहारिक समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक विचार-विमर्श किया जाएगा।
बैठक के लिए समय निर्धारित होने तथा मंत्री द्वारा सकारात्मक आश्वासन दिए जाने के उपरांत ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन ने प्रस्तावित शांति मार्च, धरना-प्रदर्शन एवं अन्य आंदोलनात्मक कार्यक्रमों को फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया है। संगठन ने यह भी कहा कि प्रदेशभर से आने वाले सदस्यों एवं पदाधिकारियों को वार्ता के परिणाम तथा 12 अगस्त, 2026 को आयोजित होने वाली बैठक की जानकारी उपलब्ध करा दी जाएगी।