
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : यात्री-केंद्रित और समावेशी रेल सेवाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए, भारतीय रेलवे में सर्वप्रथम, पूर्वाेत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने बादशाह नगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म सं. 01 पर ‘सांकेतिक भाषा ट्रेन सूचना प्रणाली’ की शुरुआत की है। मण्डल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मण्डल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर वैभव श्रीवास्तव के निर्देशन में मंडल के सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग द्वारा विकसित यह AI-आधारित प्रणाली श्रवण बाधित यात्रियों को ट्रेनों की लाइव घोषणाओं, आगमन-प्रस्थान समय और प्लेटफार्म जानकारी को सांकेतिक भाषा (साइन लैंग्वेज) में आसानी से उपलब्ध कराएगी।
मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने बताया कि, इस प्रणाली में रेलवे की मौजूदा घोषणाओं को स्वचालित रूप से सांकेतिक भाषा में रूपांतरित कर प्लेटफार्म पर लगी LED टीवी स्क्रीन्स पर प्रदर्शित किया जाएगा। इससे श्रवण बाधित (deaf) यात्री बिना किसी की सहायता के यात्रा संबंधी जरूरी जानकारी स्वयं प्राप्त कर सकेंगे।
इस प्रणाली का सफल ट्रायल लखनऊ मंडल के सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग, नोएडा स्थित मूक-बधिर संस्था के अधिकारियों तथा चार प्रमाणित सांकेतिक भाषा इंटरप्रेटर्स की उपस्थिति में पूरा किया गया। TECHTRON INFOTECH PVT- LTD- के सहयोग से विकसित यह सिस्टम दो माह के सफल ट्रायल के बाद भारतीय रेलवे में लखनऊ मंडल के बादशाह नगर स्टेशन पर लागू किया जा रहा है।
रेल मंत्रालय के ‘सुलभ सार्वजनिक परिवहन’ कार्य योजना के अनुरूप यह पहल सुनिश्चित करती है कि शारीरिक रूप से दिव्यांग यात्रियों को भी समान सुविधा और जानकारी का अधिकार प्राप्त हो। मूक-बधिर यात्रियों और दिव्यांगजनों के लिए कार्यरत संगठनों ने इस पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की है।