पूर्वोत्तर रेलवे : मंडल रेल प्रबंधक द्वारा जौनपुर– मुफ्तीगंज रेलखंड समपार संख्या 40- सी का औचक संरक्षा निरीक्षण

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, वाराणसी : मानसून के दौरान सुरक्षित एवं निर्बाध रेल परिचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी मंडल, आशीष जैन ने रविवार 19 जुलाई 2026 को औड़िहार– जौनपुर रेलखंड पर जौनपुर – मुफ्तीगंज स्टेशनों के मध्य खलासा मार्ग स्थित समपार संख्या 40-सी का औचक संरक्षा निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने समपार फाटक की स्थिति, संरक्षा मानकों के अनुपालन, गेट के बूम लॉकिंग की व्यवस्था, गेटमैन की कार्यकुशलता, अनुरक्षण अभिलेखों, प्राइवेट नंबर आदान-प्रदान रजिस्टर, गेट फोन/कंट्रोल फोन संचार प्रणाली, रेल एवं सड़क सतह की स्थिति, सिग्नल एवं इंटरलॉकिंग व्यवस्था, संरक्षा उपकरणों तथा दुर्घटना रोकथाम से संबंधित उपायों का विस्तृत निरीक्षण किया। इसके साथ ही समपार क्षेत्र में अतिक्रमण एवं दृश्य अवरोध जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं की भी समीक्षा की गई।

निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने समपार पर कार्यरत गेटमैन अशोक कुमार यादव के संरक्षा ज्ञान एवं आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं की जानकारी का परीक्षण किया। उन्होंने सभी संरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने तथा किसी भी परिस्थिति में सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए।

मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि यात्रियों एवं रेल परिचालन की सुरक्षा वाराणसी मंडल की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मानसून के दौरान रेल संरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए नियमित निरीक्षण, निगरानी एवं आवश्यक सुधारात्मक कार्य निरंतर जारी रहेंगे।

Related Articles

Back to top button