
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : महाप्रबंधक, पूर्वोत्तर रेलवे उदय बोरवणकर के निर्देशानुसार तथा मण्डल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मण्डल यांत्रिक इंजीनियर/ईएनएचएम, फ्रेट एवं डीएम महेन्द्र सिंह के नेतृत्व में यांत्रिक विभाग के ईएनएचएम अनुभाग द्वारा बुधवार लखनऊ मण्डल के लखनऊ जंक्शन, ऐशबाग, गोंडा, बस्ती, खलीलाबाद एवं गोरखपुर स्टेशनों पर ‘स्वच्छता जागरूकता अभियान एवं रैली’ का आयोजन किया गया।
आयोजित रैली के दौरान जन-जागरूकता संदेश, उद्घोषणाएँ एवं स्वच्छता संबंधी गतिविधियाँ आयोजित कर यात्रियों एवं स्थानीय नागरिकों को जागरूक किया गया। इस दौरान यात्रियों को रेलवे परिसरों में स्थित खान-पान स्टॉलों एवं स्टेशन परिसर, प्लेटफार्म आदि पर कुड़ा न फैलाने के लिये प्रेरित किया गया। यात्रियों को प्लास्टिक प्रदूषण के दुष्प्रभावों से अवगत कराने के लिए जन-जागरूकता रैली निकाली गई।
रेलवे परिसरों में कुड़ा फैलाने पर ऐन्टीलिटरिंग पेनाल्टी के बारे मे यात्रियों को जानकारी दी गई। स्टेशन परिसर में सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से यात्रियों से अपील की जा रही है कि स्टेशन पर पान खाकर इधर उधर न थूके व परिसर को साफ सुथरा रखने में सहयोग दें।
पूर्वाेत्तर रेलवे, लखनऊ मण्डल द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के तहत इस प्रकार के अभियान निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं।