
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जयपुर : उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा रेल यात्रियों को स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 17 अगस्त 2026 से सभी जल टैंकों की सफाई के लिए शुरू किए गए इस विशेष अभियान के अंतर्गत अब तक रिकॉर्ड 18,664 जल टैंकों की गहन सफाई की जा चुकी है।
यात्रियों की सेहत और सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए पानी की गुणवत्ता की नियमित रूप से वैज्ञानिक जांच भी की जा रही है। अभियान के दौरान अब तक 5,014 अवशिष्ट क्लोरीनीकरण (Residual Chlorination) परीक्षण संपन्न किए जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त, पानी की शुद्धता को हर स्तर पर परखने के लिए 670 जैविक (Biological) परीक्षण तथा 327 रासायनिक (Chemical) परीक्षण भी सफलतापूर्वक किए गए हैं।

इस अभियान के तहत रेल प्रशासन यह भी सुनिश्चित कर रहा है कि सभी ओवरहेड एवं भूमिगत (अंडरग्राउंड) जल टैंक उचित रूप से पूरी तरह ढके हों, ताकि बाहरी गंदगी से पानी को बचाया जा सके। इसके साथ ही खुले तथा अन्य जल स्रोतों को भी लोहे की मजबूत जाली से ढका जा रहा है। उत्तर पश्चिम रेलवे का यह प्रयास यात्रियों को एक सुरक्षित और स्वच्छ यात्रा अनुभव प्रदान करने की दिशा में बड़ा कदम है।
