
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जबलपुर : प्रकृति के सुकुमार कवि, हिन्दी साहित्य के गौरव सुमित्रानंदन पंत जी की जयंती के अवसर पर पश्चिम मध्य रेल में साहित्यिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
दिलीप कुमार सिंह, महाप्रबंधक, पश्चिम मध्य रेल के संरक्षण एवं कुशल नेतृत्व में तथा एम.एस. हाशमी, मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) के मार्गदर्शन एवं विवेक कुमार गुप्ता, उप मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं उप मुख्य सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय कवि उमेश कुमार ओज ने पंत जी के साहित्यिक जीवन एवं प्रकृति प्रेम पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में 10 कर्मचारियों द्वारा पंत जी की कविताओं का भावपूर्ण वाचन किया गया, जिससे हिन्दी साहित्य एवं प्रकृति प्रेम की प्रेरणा प्राप्त हुई।
सुमित्रानंदन पंत जी की जयंती के अवसर पर मुख्य अतिथि एवं मुख्य राजभाषा अधिकारी ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि राजभाषा हिंदी के संवर्धन एवं प्रचार-प्रसार के संदर्भ में पंत जी का साहित्य हम सभी को निरंतर प्रेरित करता है।
उन्होंने कहा कि पश्चिम मध्य रेलवे में राजभाषा हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने हेतु नियमित रूप से विभिन्न राजभाषा गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार, 20 मई 2026 को कवि सुमित्रानंदन पंत जी की जयंती मनाई गई।
उन्होंने यह भी कहा कि पश्चिम मध्य रेल के अधिकारी एवं कर्मचारी राजभाषा हिंदी के प्रति गहरा लगाव रखते हैं तथा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग हेतु सदैव प्रतिबद्ध हैं।
इस कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी ने किया।
