जद-यू प्रदेश कार्यकारिणी बैठक में 14 मंडलों के प्रभारी नियुक्त, 2027 विधानसभा चुनाव हेतु ‘एक बूथ–दस यूथ’ का दिया गुरुमंत्र

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : जनता दल यूनाइटेड (जदयू), उत्तर प्रदेश की प्रदेश कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार 07 अगस्त 2026 को प्रदेश कार्यालय, लखनऊ में प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह पटेल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, सदस्यता अभियान की समीक्षा तथा आगामी राजनीतिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

14 मंडलों में प्रभारी नियुक्त

प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह पटेल ने बताया कि उत्तर प्रदेश के 18 मंडलों में से 14 मंडलों में मंडल प्रभारियों की नियुक्ति कर दी गई है। नियुक्त प्रभारियों के नाम निम्न हैं—

लखनऊ मंडल – श्री आशीष कुमार

सहारनपुर मंडल – श्री कपिल देव जैन

मेरठ मंडल – श्री विजय कुमार सिंह

आगरा मंडल – श्री देव कुमार साकेत

मुरादाबाद मंडल – श्री रणवीर सिंह

झांसी एवं चित्रकूट मंडल – श्रीमती शालिनी पटेल

प्रयागराज मंडल – श्री संजय कुमार सिंह

मिर्जापुर मंडल – श्री संजय सिंह

वाराणसी मंडल – श्री अवधेश सिंह

आजमगढ़ मंडल – श्री अभिषेक राय

गोरखपुर मंडल – श्री शैलेन्द्र सिंह गहरवार

बस्ती मंडल – श्री रजनीश पटेल

अयोध्या मंडल – श्री कल्पनाथ वर्मा

मंडल प्रभारियों को अपने-अपने मंडलों के अंतर्गत आने वाले सभी जिलों का नियमित दौरा करने, जिला एवं विधानसभा कमेटियों के गठन एवं निरीक्षण, संगठनात्मक स्थिति की समीक्षा, आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संभावित सीटों को चिन्हित करने तथा उसकी रिपोर्ट प्रदेश प्रभारी एवं बिहार सरकार के मंत्री तथा जदयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार एवं प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह पटेल को सौंपने की जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही मंडल स्तर पर पार्टी के कार्यक्रमों एवं संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने का दायित्व भी प्रभारियों को सौंपा गया है।

सभी मंडल प्रभारियों, जिला इकाइयों एवं प्रदेश संगठन के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी प्रदेश महासचिव हरि शंकर पटेल जी को सौंपी गई है।

प्रदेश अध्यक्ष ने बैठक में कार्यकर्ताओं को स्पष्ट रूप से विश्वास दिलाया कि जदयू उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के साथ मिलकर ही आगामी विधानसभा चुनाव लड़ेगी।

आगामी कार्यक्रमों की घोषणा

बैठक में संगठन को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय एवं मजबूत बनाने के उद्देश्य से आगामी कार्यक्रमों की भी घोषणा की गई। इसके अंतर्गत—

21 अगस्त – रायबरेली

23 अगस्त – मिर्जापुर

30 अगस्त – मेरठ

10 सितंबर – तुलसीपुर

26 सितंबर – प्रयागराज

में पार्टी के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

‘एक बूथ–दस यूथ’ का दिया गया गुरुमंत्र

बैठक में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव तक बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए ‘एक बूथ–दस यूथ’ का लक्ष्य निर्धारित किया गया। प्रदेश पदाधिकारियों, मंडल प्रभारियों एवं कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ पर कम से कम 10 युवाओं की सक्रिय बूथ कमेटी गठित करने का आह्वान किया गया।

प्रदेश नेतृत्व ने कहा कि मजबूत बूथ संगठन ही चुनावी सफलता की आधारशिला है। इसलिए पार्टी का लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक बूथ तक संगठन की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित करना है।

संगठन की चुनावी तैयारियों को और गति देने के लिए सितंबर माह में जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष माननीय श्री संजय झा जी एवं बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री माननीय श्री निशांत कुमार जी के उत्तर प्रदेश कार्यक्रम प्रस्तावित किए गए हैं।

बैठक में प्रदेश में चलाए जा रहे सदस्यता अभियान की भी विस्तृत समीक्षा की गई तथा संगठन को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने और नए कार्यकर्ताओं को पार्टी से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।

प्रदेश पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं की रही सहभागिता

बैठक में प्रदेश पदाधिकारीगण, जिलाध्यक्षगण, विभिन्न प्रकोष्ठों के अध्यक्ष एवं पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता तथा सक्रिय कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।

बैठक में प्रमुख रूप से प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह गहरवार, देव कुमार साकेत, रजनीश पटेल, श्रीमती ममता सिंह, प्रदेश महासचिव हरि शंकर पटेल, अभिषेक राय, अभिषेक पटेल, आशीष कुमार, सुभाष पाठक, संजय कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष अमर सिंह कटियार, कार्यालय प्रभारी ओम प्रकाश वर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष नंदन, सचिव राजेश चौधरी, उपेंद्र सिंह, मिथिलेश कुमार, लक्ष्मी नारायण दिनकर, प्रेम चंद्र राजभर, व्यापार प्रकोष्ठ अध्यक्ष पवन गुप्ता, प्रबुद्ध प्रकोष्ठ उपाध्यक्ष ओम प्रकाश उपाध्याय, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ से शमीम अहमद, किसान प्रकोष्ठ अध्यक्ष चौधरी जयवीर सिंह, लखनऊ जिलाध्यक्ष मनीष श्रीवास्तव, बस्ती से राजेश चौधरी, भदोही से सर्वेश राय तथा बहराइच से सत्येंद्र कुमार वरिष्ठ नेता डॉक्टर राजेश कुमार, डॉक्टर जितेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान रमाशंकर यादव को अम्बेडकरनगर का जिला अध्यक्ष नियुक्त किए जाने की भी घोषणा की गई।

Related Articles

Back to top button