
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल में 18 से 25 सितम्बर तक मनाये जा रहे ‘राजभाषा सप्ताह-2026’ के अंतर्गत सोमवार को एक विशेष प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के कुशल मार्गदर्शन एवं स्टेशन निदेशक प्रजीत कुमार सिंह की अध्यक्षता में ’हिन्दी टिप्पण एवं प्रारूप लेखन’ प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हुई ।
लखनऊ जंक्शन स्थित स्टेशन निदेशक कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य रेल कर्मचारियों के दैनिक प्रशासनिक कार्यों में राजभाषा हिंदी के प्रयोग को और अधिक सरल, प्रभावी व व्यापक बनाना था। प्रतियोगिता में मंडल के विभिन्न विभागों (जैसे वाणिज्य, परिचालन, कार्मिक व इंजीनियरिंग) के रेलकर्मियों ने बेहद उत्साह के साथ बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपने शासकीय कार्य-कौशल का प्रदर्शन किया।
स्टेशन निदेशक प्रजीत कुमार सिंह ने प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि कार्यालयी पत्राचार और नोटिंग-ड्राफ्टिंग में राजभाषा का व्यावहारिक उपयोग ही इस सप्ताह के आयोजन को वास्तविक सार्थकता प्रदान करता है। इस अवसर पर राजभाषा विभाग के अधिकारी और विभिन्न यूनियनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
