
अशोक यादव, लखनऊ : पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मण्डल के लखनऊ जं0 स्टेशन के कैबवे पर हैरिटेज़ स्टीम इंजन ‘ऐरावत’ स्थापित किया गया। यह इंजन स्टेशन परिसर की सुंदरता को बढ़ा रहा है। कैबवे साइड पर इंजन के स्थापित होने से यह स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों के लिए आकर्षण का केन्द्र बना हुआ है। यात्री यहॉ पर इंजन के रुप में रेलवे की विरासत को देखने के साथ ही उसकी छवि को अपने कैमरों में भी कैद कर रहें है।
यह विंटेज स्टीम लोकोमोटिव 1926 में नौतनवा ब्रांच लाइन की 14 मील लंबी नैरो-गेज ट्राम लाइन पर लक्ष्मीपुर स्टेशन से नागवा और सोनारी जंगल की ओर चलने के लिए उपयोग किया गया था। इसका उपयोग वन उत्पादों के परिवहन के लिए किया जाता था और इसने 1982-83 में परिचालन बंद होने से पहले दशकों तक कुशलतापूर्वक सेवा दी। यह इंजन इंग्लैंड की जॉन फाउलर – कम्पनी के द्वारा निर्मित किया गया था।