
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ / गोरखपुर : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भारतीय रेल में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और उनकी सशक्त भूमिका को प्रदर्शित करते हुए आज पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल द्वारा गोरखपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन से मेमू सवारी गाड़ी संख्या 65115 भटनी–अयोध्या धाम का संचालन पूर्णतः महिला रेलकर्मियों की टीम द्वारा सफलतापूर्वक किया गया। इस दौरान सहायक लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर, टिकट निरीक्षक तथा आरपीएफ की महिला कर्मियों ने अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया।

इस विशेष ट्रेन के संचालन में सहायक लोको पायलट के रूप में प्रियंका शर्मा एवं निधि गौतम, ट्रेन मैनेजर के रूप में जागृति त्रिपाठी, सीटीटीआई के रूप में मुक्ता प्रभा बारला, टीटीआई के रूप में नीना सिएल तथा आरपीएफ की ओर से कांस्टेबल नेहा यादव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसी क्रम में गोरखपुर जंक्शन स्थित इलेक्ट्रॉनिक पैनल पर ट्रेनों के परिचालन का कार्य भी महिला कर्मचारियों द्वारा संचालित किया गया।

इसके अतिरिक्त गोरखपुर जंक्शन के मुख्य बुकिंग कार्यालय, प्लेटफॉर्म संख्या 01 के कैब-वे बुकिंग काउंटर तथा प्लेटफॉर्म संख्या 09 के बुकिंग कार्यालय में यूटीएस के माध्यम से टिकट वितरण का कार्य भी महिला कर्मचारियों द्वारा किया गया।
अंकुर उद्योग लिमिटेड द्वारा उनके कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के अंतर्गत उपलब्ध कराई गई चार सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीनों में से तीन मशीनें गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर (दो महिला प्रतीक्षालय में तथा एक एसी प्रतीक्षालय के महिला शौचालय में) तथा एक मशीन खलीलाबाद रेलवे स्टेशन के महिला शौचालय में स्थापित की गई है। इन मशीनों में 5 रुपये का सिक्का डालने पर सैनिटरी पैड उपलब्ध होगा।

इसी परिप्रेक्ष्य में गोरखपुर रेलवे स्टेशन स्थित लॉन्ड्री यूनिट भी महिला सशक्तिकरण का एक सशक्त उदाहरण प्रस्तुत करती है ! महिला कर्मचारियों की जिम्मेदारियों में ट्रेनों से लिनेन उतारना, उनकी व्यवस्थित छंटाई करना, वॉशिंग मशीन एवं एक्सट्रैक्टर का संचालन, फीडिंग एवं फोल्डिंग तथा साफ किए गए वस्त्रों की सावधानीपूर्वक पैकिंग करना आदि शामिल है।
इसके अतिरिक्त वह ड्राई-क्लीनिंग मशीनों का संचालन, कंबलों की धुलाई, ड्रायर चलाना तथा चादरों को कैलेंडर मशीन में फीड कर उचित फिनिशिंग सुनिश्चित करती हैं। इसी क्रम में रोलिंग प्वाइंट पर रोलिंग इन एवं आउट का परीक्षण , सिक लाइन में ट्रेन के डिब्बों का मेंटिनेंस कार्य आदि तथा बायो-टॉयलेट सैंपल टेस्टिंग लैब का संचालन भी पूर्णतः महिला कर्मचारियों द्वारा किया जा रहा है।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने सभी महिला कर्मचारियों को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके समर्पण, दक्षता एवं उत्कृष्ट कार्य की सराहना की।
विदित हो कि विगत वर्ष 2025 के अक्टूबर माह से मंडल का लखनऊ सिटी स्टेशन पूर्ण रूप से महिला कर्मचारियों द्वारा संचालित किया जा रहा है। यह स्टेशन उत्तर भारत का एक मात्र स्टेशन है जहां समस्त कार्य जैसे कि ट्रेन परिचालन, स्टेशन प्रबंधन, आरक्षण , टिकट बुकिंग एवं परीक्षण, सिग्नलिंग, सुरक्षा आदि कार्य चौबीसों घंटे महिला कर्मचारियों द्वारा सफलतापूर्वक संपादित किए जा रहे हैं। यह एक अनूठा प्रयास समाज में महिला सशक्तिकरण का अप्रतिम उदाहरण है ।

