
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, नई दिल्ली : हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन को सराय काले खान नमो भारत स्टेशन से जोड़ने वाले एक नए एफ.ओ.बी. को यात्रियों की आवाजाही के लिए खोला जा चुका है। हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से आने-जाने वाले यात्री इसका उपयोग कर सकते हैं। इस एफ.ओ.बी. की कुल लंबाई 300 मीटर है।
सराय काले खान नमो भारत स्टेशन पर प्रवेश/निकास संरचनाओं में दिव्यांगजन यात्रियों के लिए उपयुक्त लिफ्ट लगाई गई हैं तथा यात्रियों की सुविधा के लिए तेजी से ऊपर-नीचे जाने के लिए एस्केलेटर भी लगाए गए हैं। सराय काले खान नमो भारत स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों की सुगमता के लिए साइनबोर्ड, निर्देश बोर्ड आदि लगाए गए हैं। 65 मीटर लंबाई के छह मूविंग वॉक/ ट्रेवललेटर) (प्रत्येक दिशा में 3 ट्रेवललेटर) भी उपलब्ध हैं। इस (एफ.ओ.बी.) पर सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। प्रवेश द्वार, पैदल मार्ग और मूविंग वॉक/ट्रैवलेटर पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की गई है। यह फुटओवर सी.सी.टी.वी. कैमरों की निगरानी में है। रेलवे ने हजरत निजामुद्दीन स्टेशन की ओर यू.टी.एस. टिकटों की बिक्री के लिए पांच काउंटर और एक पूछताछ काउंटर की व्यवस्था की है। इसके अलावा, रेल वन सुपर ऐप पर टिकट बनाने के निर्देशों के लिए क्यू.आर. कोड और 8 एटीवीएम भी उपलब्ध कराए गए हैं।

इस एफ.ओ.बी. की पूरी लंबाई तय करने में लगभग 4-5 मिनट का समय लगता है। यह फुटओवर ब्रिज हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन और सराय काले खान नमो भारत स्टेशन के बीच यात्रियों को सुगम, सुरक्षित और निर्बाध आवागमन प्रदान करेगा। सराय काले खां रिंग रोड की ओर से भी हज़रत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन आने/जाने वाले यात्री इस नए एफ.ओ.बी. का उपयोग कर सकते हैं।