
अशोक यादव, लखनऊ : माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. महेंद्र देव के 31 मई को सेवानिवृत्त होने के अवसर पर शनिवार 30 मई को पार्क रोड स्थित शिविर कार्यालय में विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों ने डॉ. महेंद्र देव के लंबे, समर्पित एवं उत्कृष्ट प्रशासनिक कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके शिक्षा क्षेत्र में दिए गए महत्वपूर्ण योगदान को स्मरण किया। अधिकारियों ने कहा कि उनके नेतृत्व में माध्यमिक शिक्षा विभाग ने अनेक नवाचारों एवं सुधारात्मक पहलों को सफलतापूर्वक क्रियान्वित किया, जिससे शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा मिली।

अपर मुख्य सचिव, बेसिक शिक्षा एवं माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा ने कहा कि डॉ. महेन्द्र देव ने शासन की अपेक्षाओं के अनुरूप विभिन्न महत्वपूर्ण प्रकरणों के निस्तारण में सदैव तत्परता एवं गंभीरता के साथ कार्य किया। उन्होंने डॉ. महेन्द्र देव के स्वस्थ, सक्रिय एवं सुखमय जीवन की कामना की तथा आशा व्यक्त की कि उनका अनुभव भविष्य में भी शिक्षा जगत के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।

इस अवसर पर महानिदेशक, स्कूल शिक्षा श्रीमती मोनिका रानी ने कहा कि महेन्द्र देव समय-समय पर विभिन्न शैक्षिक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए, जिनसे विभागीय कार्यों को गति मिली। उन्होंने डॉ. देव के स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की।
समारोह में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने डॉ. महेंद्र देव को स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके स्वस्थ, सुखद एवं सफल जीवन की कामना की। इस दौरान डॉ. महेंद्र देव ने अपने अनुभव साझा करते हुए विभागीय सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा कहा कि टीम भावना और समर्पण के साथ कार्य करने से ही किसी भी संस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।

कार्यक्रम में विशेष सचिव माध्यमिक केके गुप्ता, निदेशक बेसिक शिक्षा प्रताप सिंह बघेल, अपर निदेशक माध्यमिक शिक्षा सुरेंद्र तिवारी, अजय कुमार द्विवेदी, यूपी बोर्ड सचिव भगवती सिंह, अपर निदेशक समग्र शिक्षा माध्यमिक वीके पाण्डेय सहित वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।