
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : रेलवे बोर्ड के निर्देशों के अनुपालन में “विश्व पर्यावरण दिवस अभियान” (15 मई 2026 से 05 जून 2026) के अंतर्गत रविवार मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर/ईएनएचएम/फ्रेट महेंद्र सिंह के नेतृत्व में लखनऊ मंडल में पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता हेतु विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
इस अभियान के अंतर्गत गोरखपुर, लखनऊ जंक्शन, बादशाहनगर, ऐशबाग, गोंडा, बस्ती एवं खलीलाबाद रेलवे स्टेशनों सहित ऐशबाग एवं गोंडा रेलवे कॉलोनियों तथा चिकित्सा केंद्रों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
लखनऊ जंक्शन एवं गोरखपुर स्टेशन पर यात्रियों, रेलवे कर्मचारियों, वेंडरों एवं स्वच्छता कर्मियों को क्लाइमेट चेंज, वेस्ट मैनेजमेंट तथा सस्टेनेबल लाइफस्टाइल के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर “पेड़ लगाओ-जीवन बचाओ” तथा “यात्रा के दौरान अपनी पानी की बोतल साथ रखें” जैसे नारों के माध्यम से यात्रियों को पुनः उपयोग योग्य बोतलों एवं थैलों के प्रयोग हेतु प्रेरित किया गया। यात्रियों से सिंगल यूज़ प्लास्टिक का प्रयोग न करने तथा प्लास्टिक बोतलों को क्रशर मशीन में डालने की अपील भी की गई।
ऐशबाग पॉलीक्लिनिक में कार्यरत वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. रंजना की उपस्थिति में पर्यावरण संरक्षण से संबंधित जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
वहीं खलीलाबाद स्टेशन पर स्वास्थ्य निरीक्षक एवं संविदा सफाई कर्मचारियों द्वारा पर्यावरण संरक्षण रैली निकाली गई।
बस्ती रेलवे स्टेशन पर पुनः उपयोग योग्य बोतलों एवं कपड़े के थैलों का वितरण किया गया।
साथ ही रेलवे यात्रियों, निविदा स्वच्छता कर्मचारियों, आरपीएफ एवं वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई।