
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : रेलवे बोर्ड के निर्देशों के अनुपालन में “विश्व पर्यावरण दिवस अभियान” एवं “पर्यावरण संरक्षण पखवाड़ा” के अंतर्गत बुधवार लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर/फ्रेट एवं ईएनएचएम/ महेन्द्र सिंह के नेतृत्व में लखनऊ मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों, कॉलोनियों एवं कार्यालय परिसरों में व्यापक स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यात्रियों, रेलवे कर्मचारियों, वेंडरों एवं संविदा सफाई कर्मियों को स्वच्छता तथा पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई।

इस दौरान लखनऊ जंक्शन, ऐशबाग जंक्शन, बस्ती एवं गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण के बारे में जागरूक किया गया तथा हरे, नीले एवं पीले डस्टबिनों के सही उपयोग की जानकारी दी गई। एकल उपयोग प्लास्टिक के दुष्प्रभाव बताते हुए यात्रियों एवं वेंडरों को बायोडिग्रेडेबल एवं पुनः उपयोग योग्य सामग्री अपनाने के लिए प्रेरित किया गया तथा प्लेटफार्म, ट्रैक, नालियों, पार्कों, कार्यालयों एवं कॉलोनियों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। वेंडरों एवं संविदा सफाई कर्मचारियों द्वारा श्रमदान कर खान-पान स्टॉलों के आसपास साफ-सफाई की गई। यात्रियों को पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण एवं ऊर्जा बचत से संबंधित पम्पलेट वितरित किए गए तथा जागरूकता रैलियां भी निकाली गईं।
इस अवसर पर “पेड़ लगाओ, जीवन बचाओ”, “पानी बचाओ, धरती बचाओ” एवं “प्लास्टिक मुक्त पर्यावरण अपनाओ” जैसे संदेशों के माध्यम से जनजागरूकता फैलायी गई। अभियान में लगभग 800 लोगों ने सहभागिता कर स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण बनाए रखने का संकल्प लिया।