
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को जर्मनी प्रवास के दौरान विभिन्न औद्योगिक एवं निवेश संबंधी कार्यक्रमों में सहभागिता कर प्रदेश में वैश्विक निवेश आकर्षित करने और तकनीकी सहयोग को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की।
उप मुख्यमंत्री ने जर्मनी में RAILONE GmbH के सीईओ निशांत मित्तल से भेंट कर उनके अत्याधुनिक विनिर्माण संयंत्र का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्नत रेलवे ट्रैक प्रणालियों एवं कंक्रीट स्लीपर निर्माण की आधुनिक तकनीकों का अवलोकन किया गया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में तीव्र गति से विकसित हो रही रेल एवं आधारभूत संरचना परियोजनाओं में इस प्रकार की अत्याधुनिक तकनीकों का सहयोग अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। यह दौरा प्रदेश में आधुनिक अवसंरचना विकास एवं अंतरराष्ट्रीय औद्योगिक साझेदारी को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
प्रवास के दौरान उप मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा एवं प्रतिनिधिमण्डल के साथ जर्मनी के ऐतिहासिक नुरेम्बेर्ग कैस्ट्रले तथा संग्रहालय का भ्रमण किया। यह किला शक्ति, ऐतिहासिक महत्व एवं समृद्ध विरासत का प्रतीक है। यहां पूर्व में शाही सभाएं एवं साम्राज्यीय अधिवेशन आयोजित होते थे। समय के साथ इसके आसपास विकसित हुआ नुरेम्बेर्ग शहर आज एक प्रमुख व्यापारिक एवं वित्तीय केंद्र के रूप में स्थापित है।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने न्यूरेम्बर्ग में आयोजित डिफेंस इन्वेस्टर्स कॉन्क्लेव एवं भारतीय प्रवासी सम्मेलन को भी संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने उत्तर प्रदेश के बदलते आर्थिक परिदृश्य और उभरते विकास मॉडल पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रदेश आज निवेश-अनुकूल नीतियों, पारदर्शी शासन व्यवस्था और वैश्विक प्रतिस्पर्धा से युक्त औद्योगिक ढांचे के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है।