नशामुक्त युवा, विकसित भारत की आधारशिला : बीबीएयू में चला व्यापक जनजागरूकता अभियान

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ में रविवार 2 अगस्त को विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल के संरक्षण में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राष्ट्रव्यापी 100 सप्ताह के ‘नशा मुक्त युवा – विकसित भारत संकल्प अभियान’ के शुभारंभ के अवसर पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाकर एक स्वस्थ, सशक्त एवं विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कार्यवाहक कुलपति प्रो. सुनीता मिश्रा ने की। इसके अतिरिक्त मुख्य तौर पर डीन ऑफ अकेडमिक अफेयर्स प्रो. एस. विक्टर बाबू एवं नशा मुक्त भारत अभियान की नोडल अधिकारी और आईक्यूएसी डॉयरेक्टर प्रो. शिल्पी वर्मा उपस्थित रहीं।

विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने अपने संदेश में कहा कि विकसित भारत के निर्माण का आधार स्वस्थ एवं जागरूक युवा शक्ति है। उन्होंने जीवन में पंचकोश दर्शन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों से नशा मुक्त भारत अभियान का सक्रिय भागीदार बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक नशामुक्त भारत का लक्ष्य तभी साकार होगा जब समाज का प्रत्येक नागरिक इस जनआंदोलन से जुड़ेगा।

कार्यवाहक कुलपति प्रो. सुनीता मिश्रा ने विद्यार्थियों को ‘नशा मुक्त मित्र’ बनने तथा माईभारत (MyBharat) पोर्टल से जुड़कर अभियान को जन-जन तक पहुँचाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ दूसरों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
नशा मुक्त भारत अभियान की नोडल अधिकारी प्रो. शिल्पी वर्मा ने विश्वविद्यालय परिसर एवं अमेठी स्थित उपग्रह केंद्र में अभियान के अंतर्गत आयोजित गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि जागरूकता कार्यक्रम, शपथ ग्रहण, संवाद, पोस्टर प्रदर्शन तथा जनसंपर्क गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं समाज को नशामुक्त भारत के संकल्प से जोड़ा जा रहा है। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के सभी छात्रावासों में माननीय प्रधानमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण किया गया तथा विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से नशामुक्त भारत निर्माण की शपथ ली।

अमेठी स्थित बीबीएयू उपग्रह केंद्र में निदेशक डॉ. संदीप नायक एवं समन्वयक डॉ. शंकर कुमार लाल के नेतृत्व में व्यापक शपथ ग्रहण, नुक्कड़ नाटक एवं जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली अमेठी एवं आसपास के क्षेत्रों तथा बाजारों में निकाली गई, जिसके माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त भारत का संदेश दिया गया। कार्यक्रम स्थल पर अभियान की थीम पर आधारित पोस्टरों का प्रदर्शन भी किया गया। उल्लेखनीय है कि 125 आध्यात्मिक संगठनों के सहयोग से प्रारंभ किए गए इस राष्ट्रव्यापी अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे से मुक्त कर भारत को वर्ष 2047 तक एक स्वस्थ, सशक्त एवं विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित करना है।

कार्यक्रम के दौरान प्रॉक्टर प्रो. रामचंद्र, प्रो. डी. आर. मोदी, प्रो. शूरा दारापुरी, प्रो. सुनील बाबू, प्रो. नीतू सिंह, प्रो. अमित कुमार सिंह, प्रो. धीरेंद्र पांडेय, प्रो. सार्थिक बाग, प्रो. जगमोहन तांती सहित एनसीसी कैडेट्स एवं एनएसएस स्वयंसेवक उपस्थित रहे और सभी ने नशे के विरुद्ध जनजागरूकता फैलाने तथा भारत को नशामुक्त बनाने का संकल्प व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button