
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, वाराणसी : यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन तथा पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सुश्री प्रशस्ति श्रीवास्तव के साथ रविवार अम्बुज होटल एंड रियल एस्टेट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित आईआरसीटीसी बेस किचन, सिगरा, वाराणसी का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने भोजन तैयार करने की प्रक्रिया, खाद्य सामग्री के भंडारण एवं रख-रखाव, पैकेजिंग, साफ-सफाई, स्वच्छता तथा भोजन तैयार करने में उपयोग किए जा रहे पानी की गुणवत्ता से संबंधित व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि भोजन तैयार करने से लेकर पैकिंग तक प्रत्येक चरण में निर्धारित खाद्य सुरक्षा एवं गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
आशीष जैन ने पेयजल की गुणवत्ता की नियमित जांच करने, जल भंडारण टैंकों एवं पाइपलाइनों की नियमित सफाई कराने तथा भोजन एवं पेयजल के लिए केवल निर्धारित मानकों के अनुरूप स्वच्छ पानी का उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पीएलएम मशीन, डो नीडिंग मशीन एवं एग्जॉस्ट मशीन अकार्यशील पाई गईं। इस पर मंडल रेल प्रबंधक ने संबंधित अधिकारियों को इन मशीनों की खराबी तत्काल दूर कर उनकी कार्यशीलता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात मंडल रेल प्रबंधक ने बनारस स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 07 पर खड़ी गाड़ी संख्या 22589 बनारस–हडपसर (पुणे) अमृत भारत एक्सप्रेस की पैंट्री कार का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने पैंट्री कार में साफ-सफाई एवं स्वच्छता, खाद्य सामग्री के सुरक्षित एवं स्वच्छ रख-रखाव तथा उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया। अकार्यशील मशीनों को शीघ्र ठीक कराने के निर्देश देते हुए पैंट्री मैनेजर को यात्रियों को रेलवे द्वारा अनुमोदित ब्रांड की गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री निर्धारित दरों पर उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया।
इसके उपरांत जैन ने बनारस स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 08 पर आरती एंटरप्राइजेज द्वारा संचालित भोजनालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने किचन की साफ-सफाई बनाए रखने तथा खाद्य सामग्री को व्यवस्थित एवं सुरक्षित तरीके से रखने के निर्देश दिए।

मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना रेलवे की प्राथमिकताओं में शामिल है। इस संबंध में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सुश्री प्रशस्ति श्रीवास्तव, आईआरसीटीसी के जेजीएम सुभाष चंदेर, एग्जीक्यूटिव अमन कुमार, मंडल वाणिज्य निरीक्षक दीपक पाठक, पैंट्री कार के मैनेजर एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित थे

