बीबीएयू शोध में डिजिटल संरक्षण सबसे प्रमुख विषय

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) के पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान विभाग के शोधछात्र विक्रांत दुबे और सूचना विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संकाय की संकायाध्यक्ष प्रो. शिल्पी वर्मा का शोधपत्र DESIDOC Journal of Library & Information Technology के सितंबर 2026 अंक में प्रकाशित हुआ है।

शोध में मशीन लर्निंग आधारित लेटेंट डिरिशले एलोकेशन (LDA) तकनीक से 1974 से 2024 के बीच प्रकाशित 279 स्कोपस-अनुक्रमित शोधपत्रों का विश्लेषण किया गया। अध्ययन में पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान अनुसंधान के पांच प्रमुख विषय-समूह सामने आए।

इनमें डिजिटल संरक्षण एवं पुस्तकालय सूचना विज्ञान लगभग 30 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ सबसे प्रमुख विषय रहा। बिब्लियोमेट्रिक अनुसंधान, डिजिटल पुस्तकालय सेवाएं और ऑनलाइन शिक्षण की हिस्सेदारी लगभग 20-20 प्रतिशत रही, जबकि उभरते रुझानों का हिस्सा करीब 10 प्रतिशत रहा।शोध के अनुसार 2000 के बाद प्रकाशन गतिविधियों में तेजी आई और 2015-2020 के बीच यह चरम पर पहुंची।

शोधकर्ताओं ने भारतीय पुस्तकालयों में OAIS और PREMIS जैसे मानकों, वितरित डिजिटल संरक्षण, मजबूत डिजिटल अवसंरचना और बेहतर मेटाडेटा की आवश्यकता पर जोर दिया। अध्ययन में डेटा एनालिटिक्स, टेक्स्ट माइनिंग, विज़ुअलाइजेशन और एआई आधारित संरक्षण को भविष्य के महत्वपूर्ण क्षेत्र बताया गया है।

शोधकर्ताओं ने मुक्त पहुंच, डिजिटल संरक्षण और उन्नत पुस्तकालय सेवाओं के लिए राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय सहयोग बढ़ाने की आवश्यकता भी रेखांकित की। कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल के सहयोग एवं प्रोत्साहन के लिए शोधकर्ताओं ने आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button