
अनुपूरक न्यूज़ एजेंसी, लखनऊ : उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि युवाओं को प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन से जोड़ने के लिए 02 अक्टूबर, गांधी जयंती से 25 दिसम्बर तक कल्चर टैलेंट हंट कार्यक्रम चलाया जाएगा। कार्यक्रम में स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों को नवाचार, ऐतिहासिक धरोहरों और पर्यटन गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। इसका समापन भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम के आयोजन के साथ किया जाएगा।
जयवीर सिंह ने यह निर्देश पर्यटन भवन में संस्कृति एवं पर्यटन विभाग तथा उत्तर प्रदेश ब्रजतीर्थ विकास परिषद की उपलब्धियों की समीक्षा बैठक के दौरान दिए। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को अपनी विरासत पर गर्व करने के साथ ऐतिहासिक धरोहरों से जुड़ी कहानियों और अनुभवों से रूबरू कराया जाना चाहिए।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि भारत सरकार स्तर पर लंबित परियोजनाओं एवं वित्तीय मामलों के निस्तारण के लिए शीघ्र ही नई दिल्ली में संस्कृति एवं पर्यटन मंत्रालय के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। उन्होंने निर्माणाधीन कार्यों को नवंबर 2026 तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए।
जयवीर सिंह ने एलडीए और जिलाधिकारी लखनऊ से समन्वय कर शहीद पथ के पास लूलू मॉल के पीछे उपलब्ध भूमि पर संस्कृति एवं पुरातत्व भवन के निर्माण की कार्यवाही करने को कहा। वहीं, भातखण्डे संस्कृति विश्वविद्यालय के लिए 45 एकड़ अतिरिक्त भूमि निःशुल्क उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए।
उन्होंने संस्कृति निदेशालय की यूपीपीसीएल को आवंटित 21 तथा सीएनडीएस को आवंटित 13 परियोजनाओं की टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद कार्य शुरू कराने को कहा। पूर्ण रामलीला चहारदीवारियों को संबंधित रामलीला कमेटियों को हैंडओवर-टेकओवर कराने तथा मार्च 2026 तक स्वीकृत धनराशि वाली परियोजनाओं को नवंबर तक शुरू कराने के निर्देश भी दिए।

बैठक में अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात, निदेशक एवं विशेष सचिव पर्यटन मृदुल चौधरी, निदेशक संस्कृति राजेश कुमार सिंह, विशेष सचिव संस्कृति दीपा रंजन, एमडी आशीष कुमार, पर्यटन सलाहकार जे.पी. सिंह, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी अंजू चौधरी, सहायक निदेशक रेनू रंगभारती और तुहिन द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।