
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जम्मू : जम्मू मंडल के विजयपुर क्षेत्र में यातायात को सुगम और सुरक्षित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए रेलवे फाटक संख्या S-51 पर प्रस्तावित 2 लेन सड़क उपरिगामी पुल (ROB) के निर्माण कार्य का शनिवार 22 अगस्त 2026 से शुभारंभ कर दिया गया है। जिसके अंतर्गत एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें सांसद, जम्मू लोकसभा क्षेत्र जुगल किशोर शर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे, साथ ही विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक सुरजीत सिंह सलाथिया उपस्थित रहे। इस अवसर पर जम्मू मंडल के वरिष्ठ रेल अधिकारी, जिला प्रशासन सांबा के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे।
यह रेलवे फाटक विजयपुर का अत्यंत व्यस्त फाटक है, जहां दिन में कई बार ट्रेनों के आवागमन के कारण फाटक बंद होने से घंटों जाम की स्थिति बन जाती है, जिससे स्कूली बच्चों, मरीजों और आम जनता को भारी कठिनाई का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के स्थायी समाधान हेतु रेल मंत्रालय द्वारा इस आरओबी को स्वीकृति प्रदान की गई है।
परियोजना की मुख्य विशेषताओं पर प्रकाश डाले तो, इस आरओबी की कुल लंबाई लगभग 860 मीटर तथा औसत चौड़ाई 9 मीटर होगी, जिससे दो लेन यातायात सुगमता से संचालित हो सकेगा। इसके निर्माण से विजयपुर-सांबा क्षेत्र को सीधा लाभ मिलेगा। रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से पूरी तरह मुक्ति मिलेगी, फाटक पर होने वाली दुर्घटनाओं की संभावना समाप्त होगी, समय और ईंधन की बचत होगी तथा जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग से संपर्क और अधिक सुगम, तेज और सुरक्षित हो जाएगा।
इस अवसर पर सांसद जुगल किशोर शर्मा ने कहा कि, “यह फ्लाईओवर विजयपुर की जनता की वर्षों पुरानी मांग थी, जिसका निर्माण कार्य आज से प्रारंभ हो गया है। यह केंद्र सरकार की सुगम, सुरक्षित और विकसित भारत की संकल्पना को साकार करेगा।”
जम्मू मंडल, उत्तर रेलवे आम जनता की सुरक्षा और सुविधा के लिए प्रतिबद्ध है और इस आरओबी के निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने के लिए प्रयासरत है।