
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जबलपुर : भोपाल–रामगंजमंडी नई रेल लाइन परियोजना के अंतर्गत व्यावरा राजगढ़–सोनकच्छ (24.50 किमी) नवनिर्मित रेलखंड का शुक्रवार 21 अगस्त को रेल संरक्षा आयुक्त, मध्य वृत्त, गुरू प्रकाश ने निरीक्षण एवं संरक्षा परीक्षण किया। निरीक्षण के उपरांत इस रेलखंड पर 120 किमी/घंटा की अधिकतम गति से सफल स्पीड ट्रायल संपन्न किया गया।
निरीक्षण के दौरान ट्रैक, पुल-पुलिया, समपार फाटक, सिग्नल एवं दूरसंचार प्रणाली सहित प्रमुख रेल अवसंरचनाओं का परीक्षण किया गया। इस रेलखंड में एक पीपलहेड़ा हॉल्ट स्टेशन, 4 प्रमुख पुल एवं 53 लघु पुल निर्मित किए गए हैं।

भोपाल–रामगंजमंडी नई रेल लाइन परियोजना की कुल लंबाई 276 किमी है तथा इसमें 27 स्टेशन प्रस्तावित हैं। परियोजना पूर्ण होने पर भोपाल, सीहोर, राजगढ़, झालावाड़ एवं कोटा जिलों को बेहतर रेल संपर्क मिलेगा। नई रेल लाइन से यात्रा समय में करीब 3 घंटे की कमी आएगी।
महाप्रबंधक, पश्चिम मध्य रेलवे द्वारा की जा रही सतत मॉनिटरिंग एवं नियमित समीक्षा के फलस्वरूप परियोजना कार्य तीव्र गति से प्रगति पर हैं तथा विभिन्न चरणों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने की दिशा में प्रभावी कार्यवाही की जा रही है।
इस अवसर पर डीआरएम पंकज त्यागी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) एम. एस. हाशमी, मुख्य परियोजना प्रबंधक पंकज स्वाइन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।