मुख्यमंत्री योगी ने सहारनपुर से ‘स्कूल चलो अभियान’ के दूसरे चरण का किया शुभारंभ

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, सहारनपुर / लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को सहारनपुर से राज्यव्यापी ‘स्कूल चलो अभियान’ के दूसरे चरण का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बच्चों को नवीन सत्र की पाठ्य पुस्तकें, स्कूल बैग व स्टेशनरी वितरित कीं तथा जनपद के सर्वश्रेष्ठ प्रधानाध्यापकों को सम्मानित किया।

इस अवसर पर प्रदेश के बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने इस्माइलपुर स्थित सीएम मॉडल कंपोजिट विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मां शाकुम्बरी की पावन धरती और मां सरस्वती के आशीर्वाद से शिक्षा का यह महायज्ञ निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए शिक्षा विभाग पूरी ऊर्जा के साथ अपनी भूमिका निभा रहा है।

मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि योगी सरकार के मार्गदर्शन में प्रदेश के हर विद्यालय को मूलभूत सुविधाओं से जोड़ा गया है और शिक्षकों को सम्मान देकर उनके मनोबल को बढ़ाया गया है। इसका परिणाम है कि आज बेसिक शिक्षा विभाग गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने में सर्वोत्तम रूप से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज का यह अवसर केवल कार्यक्रम का शुभारंभ नहीं, बल्कि देश के उज्ज्वल भविष्य को संवारने और हर बच्चे को मुख्यधारा से जोड़ने का संकल्प है।

‘स्कूल चलो अभियान’ के बारे में जानकारी देते हुए मंत्री ने बताया कि यह अभियान प्रतिवर्ष दो बार 1 से 15 अप्रैल और 1 से 15 जुलाई तक चलाया जाता है। पहले चरण में मुख्यमंत्री द्वारा शुभारंभ के बाद प्रदेश में 20 लाख से अधिक बच्चों का नया नामांकन कराया गया, जिसमें सहारनपुर जनपद में ही 35 हजार से अधिक बच्चों को विद्यालयों से जोड़ा गया। अब द्वितीय चरण में 1 जुलाई से फिर अभियान प्रारंभ हुआ है।

मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री जी की शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता इसी से स्पष्ट है कि विपरीत मौसम और परिस्थितियों के बावजूद कार्यक्रम का शुभारंभ निर्धारित तिथि पर समय से किया गया। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत तीन वर्ष के बच्चों को बाल वाटिका में और छह वर्ष के बच्चों को कक्षा एक में नामांकित कराया जाएगा। साथ ही ड्रॉपआउट हो चुके बच्चों को भी वापस शिक्षा की मुख्यधारा में लाया जाएगा।

बालिकाओं की सुरक्षा के लिए रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण अभियान भी चलाया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button