
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ, में आंतरिक शिकायत समिति (Internal Complaints Committee – ICC) द्वारा शुक्रवार 24 जुलाई 2026 को विश्वविद्यालय परिसर को सभी के लिए सुरक्षित एवं सतत (Sustainable) बनाने के उद्देश्य से पाम वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। इस वृक्षारोपण अभियान की अध्यक्षता विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने की। कुलपति ने आईसीसी की अध्यक्ष प्रो. आभा मिश्रा, संकाय सदस्यों तथा विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों साथ मिलकर पौधें लगायें और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने अपने संबोधन में कहा कि विश्वविद्यालय केवल शिक्षा प्राप्त करने का केंद्र नहीं, बल्कि समानता, सम्मान, संवेदनशीलता और आपसी विश्वास की भावना को विकसित करने का भी माध्यम है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का प्रत्येक विद्यार्थी, शिक्षक एवं गैर-शिक्षण कर्मचारी स्वयं को सुरक्षित, सम्मानित और निःसंकोच महसूस करे, यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने सभी को साथ लेकर चलने, एक-दूसरे के प्रति संवेदनशील रहने तथा समावेशी एवं सकारात्मक वातावरण के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने कहा कि ऐसा सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं भेदभाव-मुक्त परिसर ही विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व विकास, शैक्षणिक उत्कृष्टता और मानसिक कल्याण के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान करता है।
इसके अतिरिक्त अन्य संकाय सदस्यों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया कि यदि उन्हें किसी प्रकार की समस्या या शिकायत हो, तो वे बिना किसी संकोच के उसे साझा करें, ताकि उसका समयबद्ध एवं उचित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न शिक्षक, शोधार्थी एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।