
अशोक यादव, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय के स्वयं सेल एवं इलेक्ट्रानिक मल्टीमीडिया रिसर्च सेंटर (मीडिया सेंटर) द्वारा शिया पीजी कॉलेज में ‘SWAYAM एवं MOOCs जागरूकता अभियान’ का आयोजन किया गया। इस दौरान मुख्य प्रशिक्षक एवं वक्ता के तौर पर बीबीएयू के स्वयं सेल की समन्वयक प्रो. यूवी किरण उपस्थित रहीं। इसके अतिरिक्त मीडिया सेंटर, बीबीएयू के प्रोड्यूसर आनंद सिंह असवाल भी मौजूद रहे। इस कार्यक्रम का उद्देश्य उच्च शिक्षा में डिजिटल शिक्षण, ऑनलाइन पाठ्यक्रमों तथा MOOCs की उपयोगिता एवं निर्माण प्रक्रिया के प्रति शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को जागरूक करना रहा।
स्वयं सेल की समन्वयक प्रो. यूवी किरण ने SWAYAM, MOOCs, फोर क्वाड्रेंट अप्रोच, कोर्स डेवलपमेंट, एसेसमेंट एवं डिजिटल लर्निंग इकोसिस्टम पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को डिजिटल शिक्षा के बढ़ते महत्व से अवगत कराते हुए बताया कि SWAYAM प्लेटफॉर्म गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ शिक्षा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। साथ ही प्रो. किरण ने पाठ्यक्रम निर्माण की प्रक्रिया, ऑनलाइन मूल्यांकन प्रणाली तथा तकनीक आधारित शिक्षण की उपयोगिता पर भी विस्तृत चर्चा की।

मीडिया सेंटर, बीबीएयू के प्रोड्यूसर आनंद सिंह असवाल द्वारा MOOCs निर्माण की तकनीकी प्रक्रियाओं जैसे स्टूडियो रिकार्डिंग, टेलीप्रांप्टर सपोर्ट, मल्टी कैमरा सेटअप, एडिटिंग, विजुअल इफेक्ट्स, ऑडियो इन्हेंसमेंट एवं पोस्ट प्रोडक्शन वर्कफ्लो की जानकारी साझा की गयी।
कार्यक्रम के दौरान मीडिया सेंटर, बीबीएयू के प्रोडक्शन असिस्टेंट अनूप कुमार द्वारा तकनीकी सहयोग एवं कैमरापर्सन अभिलाष दास द्वारा कैमरा एवं वीडियोग्राफी संबंधी सहयोग दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों द्वारा SWAYAM, MOOCs, डिजिटल शिक्षण प्रणाली तथा ऑनलाइन पाठ्यक्रमों से संबंधित विभिन्न जिज्ञासापूर्ण प्रश्न पूछे गए, जिनका विशेषज्ञों द्वारा विस्तारपूर्वक, सरल एवं संतोषजनक उत्तर प्रदान करते हुए प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान किया गया।
