
एसबीएसएस, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (BBAU) के मानव विकास एवं परिवार अध्ययन विभाग द्वारा विश्व अल्जाइमर दिवस के अवसर पर सावित्रीबाई फुले राष्ट्रीय महिला एवं बाल विकास संस्थान (SPNIWCD) में एक वृहद जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया [21-09-2026]। यह कार्यक्रम कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
प्रो. शालिनी अग्रवाल एवं डॉ. रुपिका चोपड़ा के निर्देशन में विभाग के एम.एससी. के छात्र-छात्राओं ने रोग के लक्षणों, जोखिम कारकों और शीघ्र पहचान के महत्व को समझाने के लिए कई संवादात्मक गतिविधियां आयोजित कीं। विद्यार्थियों ने एक मर्मस्पर्शी नुक्कड़ नाटक के जरिए अल्जाइमर रोगियों के परिवारों के संघर्ष और बुजुर्गों के प्रति आवश्यक सहानुभूति व उचित देखभाल को रेखांकित किया।
इसके साथ ही, बुजुर्गों में मानसिक सक्रियता बनाए रखने के लिए संज्ञानात्मक (दिमागी) खेल आयोजित किए गए और एक ज्ञानवर्धक प्रदर्शनी लगाई गई। ग्रामीण क्षेत्रों तक जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आंगनबाड़ी पर्यवेक्षिकाओं के बीच सरल भाषा में तैयार किए गए जानकारीपरक पंपलेट बांटे गए। इस सफल आयोजन में SPNIWCD के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अनिल वी.बी. बाबू सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
