लगातार बारिश के बीच दुबग्गा मंडी पहुंचे मंडी निदेशक; मौके पर खड़े होकर कराई जल निकासी, मंडी सचिव को फटकार

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के दृष्टिगत जल निकासी व्यवस्था सुचारू रखने के सख्त निर्देशों के क्रम में मंडी निदेशक जितेंद्र प्रताप सिंह ने शनिवार को दुबग्गा मंडी का औचक निरीक्षण किया।

पिछले दो दिनों से जारी भारी वर्षा के कारण मंडी परिसर के कुछ हिस्सों में गंभीर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। मंडी निदेशक ने मौके पर स्वयं उपस्थित रहकर अवरुद्ध नालियों की सघन सफाई कराई और जल निकासी की व्यवस्था को तत्काल सुचारू किया। निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था में भारी शिथिलता पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए मंडी सचिव को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने चेतावनी दी कि दोबारा लापरवाही मिलने पर उनके खिलाफ सख्त प्रशासनिक और अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

मंडी निदेशक जितेंद्र प्रताप सिंह ने अधिकारियों व सफाई ठेकेदारों को कड़े निर्देश दिए कि बारिश के दौरान किसानों और व्यापारियों को आवागमन व व्यापार करने में कोई असुविधा न हो। इसके लिए जलभराव वाले संभावित संवेदनशील स्थानों पर पहले से ही आवश्यक प्रबंध रखे जाएं, जल निकासी तंत्र को हर समय क्रियाशील रखा जाए तथा अधिकारी स्वयं नियमित रूप से ग्राउंड जीरो पर रहकर मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें।

Related Articles

Back to top button