
सांकेतिक तस्वीर
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, नई दिल्ली / जबलपुर / जयपुर : रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने और माल ढुलाई की दिशा में रेलवे ने एक बड़ा कदम उठाया है। रेलवे ने दक्षिण मध्य रेलवे के अंतर्गत मुकुटबन (आदिलाबाद) और गढ़चंदूर के बीच 38.21 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन के निर्माण के लिए ₹493 करोड़ की भारी-भरकम राशि स्वीकृत की है।
यवतमाल जिले का मुकुटबन और चंद्रपुर जिले का गडचंदूर महत्वपूर्ण औद्योगिक और खनन केंद्र हैं। यह नया मार्ग कई सीमेंट प्लांटों, वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड की कोयला खदानों और चूना पत्थर खदानों को सीधे जोड़ेगा। इस रेल लाइन के बनने से परिवहन समय और लागत में भारी कमी आएगी। साथ ही, यह व्यस्त वर्धा-मानिकगढ़ और बलहरशाह-नागपुर रूट पर यातायात के दबाव (भीड़) को कम करने के लिए एक बेहतरीन वैकल्पिक मार्ग प्रदान करेगी।
DPR के अनुसार, इस लाइन के शुरू होने के बाद प्रति वर्ष 6.08 मीट्रिक टन माल ढुलाई की उम्मीद है, जिसमें कोयला, सीमेंट, लोहा और खाद्यान्न मुख्य रूप से शामिल हैं। यात्रियों के लिए इस रूट पर प्रतिदिन दोनों दिशाओं में दो-दो मेमू (MEMU) ट्रेनें भी संचालित की जाएंगी, जो महाराष्ट्र और कर्नाटक के प्रमुख गंतव्यों के लिए कनेक्टिविटी प्रदान करेंगी।