अयोध्या दीपोत्सव में जलेगा आस्था का महादीप; 26.5 लाख दीयों से रोशन होंगे 56 घाट, विदेशी रामलीला दलों की होगी धूम

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने पर्यटन भवन में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को आगामी दीपावली के अवसर पर आयोजित होने वाले भव्य ‘दीपोत्सव-2026’ को अलौकिक व ऐतिहासिक ढंग से मनाने के कड़े निर्देश दिए। इस वर्ष अयोध्या धाम में रिकॉर्ड 26,50,101 दीयों को प्रज्ज्वलित करने का महालक्ष्य निर्धारित किया गया है।

35 हजार वालंटियर्स संभालेंगे 56 घाटों की कमान
पर्यटन मंत्री ने बताया कि इस ऐतिहासिक लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए राम की पैड़ी, लक्ष्मण किला घाट, चौधरी चरण सिंह घाट और भजन संध्या स्थल सहित कुल 56 घाटों पर दीप जलाने की व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है। इस पुनीत कार्य को 35,000 वालंटियर्स द्वारा पूरा किया जाएगा। इस बार का आयोजन ‘अयोध्या दीपोत्सव रिकॉर्ड’ के नाम से जाना जाएगा। इसके अलावा, अयोध्या के 240 से अधिक प्रमुख मठ-मंदिरों में विशेष लाइटिंग की जाएगी तथा जनपद के 25 प्रमुख चौराहों पर व्यापारिक संगठनों द्वारा दीप जलाए जाएंगे।

ड्रोन शो, ग्रीन फायर और वैश्विक रामलीला का आकर्षण
इस बार राम की पैड़ी से भव्य ड्रोन लाइट शो तथा सरयू आरती स्थल से ग्रीन फायर शो का आयोजन किया जाएगा। संस्कृति विभाग द्वारा साकेत महाविद्यालय से रामकथा पार्क तक रामायण के विभिन्न प्रसंगों पर आधारित भव्य सांस्कृतिक शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों के लगभग 1,000 लोक कलाकार भाग लेंगे। रामकथा पार्क में इंडोनेशिया, थाईलैंड, रूस, नेपाल और श्रीलंका के विदेशी रामलीला दलों द्वारा मंचन किया जाएगा।

इस पूरे आयोजन और इवेंट मैनेजमेंट के लिए लगभग ₹6 करोड़ 75 लाख की अनुमानित धनराशि व्यय होगी। मुख्यमंत्री की मंशानुसार इस बार वैश्विक राष्ट्राध्यक्षों को भी आमंत्रित करने की तैयारी है। बैठक में अपर मुख्य सचिव पर्यटन एवं संस्कृति, धर्मार्थ कार्य निदेशक संस्कृति श्री संजय कुमार सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button