रेलवे सुरक्षा बल, नई दिल्ली टीम द्वारा शातिर अपराधी मोबाइल फोन सहित रंगे हाथों पकड़कर कर, जी.आर.पी. को सुपुर्द किया

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, नई दिल्ली : नई दिल्ली रेलवे स्टेशन एवं ट्रेनों में यात्रियों के सामान की चोरी (Theft of Passenger Belongings- TOPB) की घटनाओं की रोकथाम एवं अवांछित तत्वों की धरपकड़ हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में, रेलवे सुरक्षा बल, नई दिल्ली द्वारा एक विशेष टीम का गठन कर स्टेशन एरिया में तैनात किया गया। दिनांक 08.07.2026 को ड्यूटी के दौरान रेलवे सुरक्षा बल की टी.ओ.पी.बी. अपराध रोकथाम रेलवे सुरक्षा बल टीम को मिंटो ब्रिज के पास एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। शक के पुख्ता होने पर जवानों ने घेराबंदी कर उक्त व्यक्ति को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान उसके पास से 05 मोबाइल फोन बरामद हुए। पूछताछ में वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। सख्ती से पूछने पर उसने स्वीकार किया कि इन पाँचों मोबाइलों को उसने नई दिल्ली स्टेशन और ट्रेनों से चुराया है। रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट नई दिल्ली को मामले की सूचना को देने एवं आदेश प्राप्त होने के बाद, आरोपी एवं बरामद 05 मोबाइल फोन को राजकीय रेलवे पुलिस (जी.आर.पी.), नई दिल्ली को सुपुर्द कर दिया गया। जी.आर.पी. द्वारा पूछताछ में आरोपी की पहचान सोहिल पुत्र नूर मोहम्मद, वार्ड नं. 07, मोहल्ला बनिया वज़ीर गंज, बूडन, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। जी.आर.पी., नई दिल्ली द्वारा आरोपी के विरुद्ध प्राथमिकी संख्या- 0061/2026, दिनांक 09.07.2026, धारा 303(2)/317(2) बी.एन.एस. 2023 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जाँच जी.आर.पी., नई दिल्ली द्वारा की जा रही है।

रेलवे सुरक्षा बल, नई दिल्ली के जवानों द्वारा शातिर किस्म के अपराधी को रंगे हाथों गिरफ्तार् किया गया है, जिससे यात्री सामान चोरी की घटनाओं में कमी आएगी।

Related Articles

Back to top button