महीने में 20 दिन अपने क्षेत्र में काम करें पदाधिकारी, प्रियंका का UP के नेताओं को निर्देश

अशाेक यादव, लखनऊ। कांग्रेस महासचिव और पार्टी की उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने सभी प्रभारी पदाधिकारियों को महीने में 20-22 दिन अपने जिम्मे वाले जिलों में जाकर संगठन को मजबूत करने के निर्देश दिए हैं।

प्रियंका ने गुरुवार को प्रदेश कार्यकारिणी और जिला एवं शहर अध्यक्षों की बैठक को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित करते हुए कहा कि सभी पार्टी पदाधिकारियों जिन्हें विभिन्न जिलों का प्रभार दिया गया है, वे महीने में 20-22 दिन अपने प्रभार वाले क्षेत्र में जाकर संगठन को मजबूत करने के लिए काम करें।

प्रदेश कांग्रेस मीडिया संयोजक ललन कुमार ने बताया कि प्रियंका ने प्रदेश के सचिव, महासचिव समेत तमाम पदाधिकारियों को एक-एक जिले की जिम्मेदारी दी है।

उन्होंने बताया कि प्रियंका ने साथ ही पिछले एक महीने से जारी ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत हर ब्लॉक में जाकर बूथ को मजबूत करने की मुहिम में और तेजी लाने के निर्देश भी दिए हैं।

प्रियंका ने पदाधिकारियों से कहा है कि वे अपने-अपने प्रभार वाले जिलों में आगामी तीन जनवरी से प्रवास का कार्यक्रम शुरू करें। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाएं।

Related Articles

Back to top button