
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : प्रदेश के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए परिवहन विभाग ने दो दिवसीय विशेष प्रवर्तन अभियान ‘ऑपरेशन सेफ्टी’ चलाया। इस अभियान के तहत विशेष रूप से लंबी दूरी की स्लीपर बसों की सुरक्षा व्यवस्था, बस बॉडी कोड के पालन, आपातकालीन निकास और अग्निशमन उपकरणों की सघन जांच की गई
अपर परिवहन आयुक्त एवं अभियान के नोडल अधिकारी केडी सिंह गौर ने बताया कि परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के निर्देश तथा परिवहन आयुक्त आशुतोष निरंजन के मार्गदर्शन में यह अभियान संचालित किया गया। जांच के दौरान बसों में निर्धारित क्षमता से अधिक सीटें लगाने, अतिरिक्त सवारियां बैठाने, आपातकालीन निकास के क्रियाशील होने, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और चालक के नशे में होने की भी जांच की गई।

उन्होंने बताया कि दो दिनों में कुल 425 बसों की जांच की गई। निर्धारित क्षमता से अधिक सीटें पाए जाने पर 14 बसों का चालान और एक बस बंद की गई। क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने पर 19 बसों का चालान किया गया। आपातकालीन निकास क्रियाशील नहीं होने पर 12 तथा अग्निशमन उपकरण खराब होने पर 10 बसों का चालान किया गया, जबकि चार बसें निरुद्ध की गईं। परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने पर 86 बसों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई हुई।
इसके अतिरिक्त तीनों एक्सप्रेसवे पर मालवाहक वाहनों में सवारियां ढोने के मामले में 12 वाहनों का चालान और दो मालवाहक वाहन बंद किए गए।

अभियान के दौरान कुल 152 वाहनों के चालान किए गए तथा 26 वाहनों को विभिन्न थानों में निरुद्ध किया गया। कार्रवाई से 61.65 लाख रुपये प्रशमन शुल्क और 2.62 लाख रुपये टैक्स प्राप्त हुआ।
केडी सिंह गौर ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे।
