गंगासागर तक पहुंचेगी रेल, काकद्वीप से 34 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन को एफएलएस की मंजूरी

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, नई दिल्ली / गंगासागर : पश्चिम बंगाल के प्रसिद्ध तीर्थस्थल गंगासागर तक रेल कनेक्टिविटी पहुंचाने की दिशा में भारतीय रेलवे ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। रेलवे ने काकद्वीप से गंगासागर के बीच लगभग 34 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन के लिए अंतिम स्थान सर्वेक्षण (एफएलएस) को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना में हुगली नदी पर लगभग 4.5 किलोमीटर लंबा विशाल रेलवे पुल भी बनाया जाएगा, जिसके पूरा होने पर यह देश के सबसे लंबे रेलवे पुलों में शामिल हो सकता है।

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इस रेल परियोजना से गंगासागर तक आवागमन अधिक सुविधाजनक होगा। इससे श्रद्धालुओं, स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को लाभ मिलेगा। साथ ही धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था और क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।

पश्चिम बंगाल के सागर द्वीप पर स्थित गंगासागर देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है। यहां गंगा नदी बंगाल की खाड़ी में मिलती है। प्रतिवर्ष मकर संक्रांति के अवसर पर आयोजित गंगासागर मेले में देशभर से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। श्रद्धालु सागर संगम में स्नान करने के साथ कपिल मुनि मंदिर में दर्शन-पूजन करते हैं।

वर्तमान में मुख्य भूमि से गंगासागर पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को मुरीगंगा नदी नौका से पार करनी पड़ती है और इसके बाद सड़क मार्ग से यात्रा करनी होती है। नई रेल लाइन बनने से इस यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाने में मदद मिलेगी।

रेलवे धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों की कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए अन्य परियोजनाओं पर भी काम कर रहा है। उत्तराखंड में 125 किलोमीटर लंबी ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का निर्माण जारी है। यह रेल लाइन देवप्रयाग और कर्णप्रयाग जैसे प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को जोड़ेगी।

काकद्वीप-गंगासागर रेल परियोजना के माध्यम से सागर द्वीप तक रेल संपर्क का विस्तार होगा, जिससे पर्यटन, व्यापार और स्थानीय रोजगार के नए अवसर विकसित होने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button