
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : भारत और नेपाल के बीच धार्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को नई मजबूती देते हुए जनकपुरधाम-अयोध्याधाम सरयू-कमला एक्सप्रेस की नियमित सेवा की पहली यात्रा के दौरान लगभग 500 यात्री अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पहुंचे। नेपाल के जनकपुरधाम से आए श्रद्धालुओं एवं यात्रियों में अयोध्या पहुंचने को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। इनमें तिलक महोत्सव-2083 में शामिल होने आए बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी शामिल रहे।
जनकपुरधाम से अयोध्याधाम तक आयोजित तिलक महोत्सव दोनों देशों की साझा धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। इस आयोजन के संरक्षक श्री जानकी मंदिर एवं जनकपुरधाम उपमहानगरपालिका हैं। महोत्सव में शामिल होने के लिए नेपाल से श्रद्धालुओं का अयोध्या आगमन दोनों धार्मिक नगरों के बीच गहरे संबंधों को दर्शाता है।

जनकपुरधाम और अयोध्याधाम के बीच नियमित रेल सेवा शुरू होने से भारत और नेपाल के बीच धार्मिक पर्यटन एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। विशेष रूप से जनकपुरधाम स्थित मां जानकी मंदिर और अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।
इस रेल सेवा से दोनों देशों के श्रद्धालुओं को यात्रा के लिए एक बेहतर विकल्प उपलब्ध होगा। साथ ही धार्मिक आयोजनों में सहभागिता और पर्यटन गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल की ओर से यात्रियों के सुगम आवागमन एवं सुविधाजनक यात्रा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

इस संबंध में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक समर्थ गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि नियमित रेल सेवा के माध्यम से भारत-नेपाल के धार्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने में मदद मिलेगी।