
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, चित्रकूट : महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय के नानाजी देशमुख परिसर स्थित कृषि फार्म की भूमि पर कथित अवैध कब्जे के प्रयास को विश्वविद्यालय प्रशासन की सजगता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से रोक दिया गया। विश्वविद्यालय प्रशासन की शिकायत पर थाना नयागांव पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और संबंधित गतिविधियों को तत्काल बंद करा दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रजौला बाईपास मार्ग पर विवेकानंद छात्रावास के सामने स्थित कृषि फार्म की भूमि, आराजी क्रमांक 147, शासन द्वारा विश्वविद्यालय को आवंटित है। विश्वविद्यालय प्रशासन के संज्ञान में आया कि उक्त भूमि पर डॉ. प्रसन्न पाटकर द्वारा अस्थायी सामग्री रखकर निर्माण कार्य एवं कब्जे का प्रयास किया जा रहा है। इस संबंध में कृषि संकाय की ओर से कुलसचिव को लिखित शिकायत दी गई थी।

शिकायत मिलने के बाद थाना नयागांव पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए विवादित स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. आञ्जनेय पांडेय, मुख्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. उमेश कुमार शुक्ला, कृषि संकाय के अधिष्ठाता प्रो. एच.एस. कुशवाहा तथा कृषि फार्म प्रभारी डॉ. संजय कुमार तिवारी सहित कृषि संकाय के कर्मचारी एवं सुरक्षा कर्मी मौजूद रहे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने पुलिस को भूमि के स्वामित्व और आवंटन से संबंधित दस्तावेजों एवं तथ्यों की जानकारी दी।
विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस की संयुक्त तत्परता से मौके पर चल रही गतिविधियों को रुकवा दिया गया तथा कृषि फार्म की भूमि पर कथित कब्जे का प्रयास विफल हो गया।

इस संबंध में कुलसचिव प्रो. आञ्जनेय पांडेय ने स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय की परिसंपत्तियों और शासन द्वारा आवंटित भूमि की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विश्वविद्यालय की भूमि पर किसी भी प्रकार का अनधिकृत कब्जा या अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि भूमि का विधिवत सीमांकन कराने के लिए राजस्व विभाग से समन्वय स्थापित किया जा रहा है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।