
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : 68,500 सहायक अध्यापक भर्ती-2018 में आरक्षण विसंगति का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। माध्यमिक शिक्षा मंत्री श्रीमती गुलाबो देवी के एक पॉडकास्ट में दिए गए बयान के बाद आंदोलनरत अभ्यर्थियों की उम्मीदें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्णय पर टिक गई हैं। अभ्यर्थियों को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री हस्तक्षेप कर लंबे समय से लंबित मामले में न्याय सुनिश्चित करेंगे।
गौरतलब है कि हाल ही में बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह की अध्यक्षता तथा माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाबो देवी की उपस्थिति में बेसिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल की बैठक हुई थी। बैठक में बताया गया था कि 68,500 शिक्षक भर्ती की आरक्षण विसंगति पर अंतिम निर्णय मुख्यमंत्री स्तर से लिया जाएगा। इसके बाद ही परिणाम संशोधन और पात्र अभ्यर्थियों की नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी।
इसी बीच एक न्यूज चैनल के पॉडकास्ट में मंत्री गुलाबो देवी ने मुख्यमंत्री पर भरोसा जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री दयालु हैं और न्याय करेंगे। उनके इस बयान को अभ्यर्थी सकारात्मक संकेत के रूप में देख रहे हैं।
उधर, आरक्षण विसंगति दूर करने की मांग को लेकर अभ्यर्थी पिछले 90 दिनों से लखनऊ के इको गार्डन में धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। आंदोलनकारियों का कहना है कि लंबे समय से घर-परिवार से दूर रहकर आर्थिक और मानसिक परेशानियों के बीच संघर्ष करना पड़ रहा है।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे तूफान सिंह और आशुतोष वर्मा ने मुख्यमंत्री एवं प्रदेश सरकार से शीघ्र निर्णय लेने, भर्ती का परिणाम संशोधित करने और नियमानुसार पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की मांग की है।
वहीं, धरना प्रभारी नवीन चौधरी ने कहा कि अब अभ्यर्थियों को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस निर्णय और न्याय चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।