
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, मझगवां/सतना : फसल अवशेषों को जलाने से मिट्टी की उर्वरता कम होती है और पर्यावरण प्रदूषित होता है। किसान पराली जलाने के बजाय उसका उपयोग जैविक खाद बनाने और अतिरिक्त आय अर्जित करने में करें। यह बात शनिवार को हनुमान नगर, मझगवां भट्ठा स्थित आईटीसी चौपाल बायो धान केंद्र में आयोजित फसल अवशेष प्रबंधन जागरूकता कार्यक्रम में दीनदयाल शोध संस्थान के संगठन सचिव अभय महाजन ने कही। कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा आयोजित कार्यक्रम में जिले के 253 किसान एवं महिला किसानों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं राष्ट्रऋषि नानाजी देशमुख के चित्रों पर पुष्पांजलि और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कृषि विज्ञान केंद्र के सस्य विज्ञान विशेषज्ञ एवं परियोजना नोडल अधिकारी डॉ. अजय चौरसिया ने बताया कि भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद द्वारा मध्य प्रदेश के 16 जिलों में फसल अवशेष प्रबंधन परियोजना संचालित की जा रही है, जिसमें सतना भी शामिल है।

अभय महाजन ने किसानों को पराली से वर्मी कम्पोस्ट एवं नाडेप कम्पोस्ट बनाने के लिए प्रेरित किया। कृषि यंत्री मनीष कुमार मिश्रा ने बताया कि जिले में 180 सुपर सीडर और 50 स्ट्रा बेलर उपलब्ध हैं। इनके माध्यम से अब तक 15 हजार मीट्रिक टन पराली का संग्रहण किया जा चुका है। कृषि यंत्रों पर 40 से 50 प्रतिशत तक अनुदान की सुविधा भी उपलब्ध है।
सहायक संचालक कृषि रामसिंह बागरी और इंजीनियर प्रकाश चन्द्र निगम ने पराली जलाने के नुकसान तथा आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग की जानकारी दी। डॉ. चौरसिया ने हैपी सीडर, जीरो टिल सीड ड्रिल, सुपर सीडर और स्ट्रा बेलर जैसे उपकरणों के लाभ बताए।

कार्यक्रम के अंत में किसानों को खेत में सुपर सीडर से गेहूं की बुवाई का प्रदर्शन दिखाया गया तथा स्ट्रा बेल संग्रहण केंद्र का भ्रमण कराया गया। संचालन पंकज शर्मा ने किया।

