बीबीएयू में पर्यटन एवं यात्रा प्रबंधन पर पांच दिवसीय प्रबंधन विकास कार्यक्रम 25 नवंबर से

अशोक यादव, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) के प्रबंधन अध्ययन विभाग की ओर से 25 से 30 नवंबर तक ‘पर्यटन एवं यात्रा प्रबंधन’ विषय पर पांच दिवसीय प्रबंधन विकास कार्यक्रम (एमडीपी) का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार के एमएसएमई-विकास एवं सुविधा कार्यालय, कानपुर के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।

कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल के संरक्षण तथा प्रबंधन अध्ययन विभाग के डीन प्रो. अमित सिंह एवं विभागाध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक प्रो. तरुणा के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्टार्टअप्स और भावी उद्यमियों की उद्यमिता संबंधी क्षमताओं का विकास करना तथा उन्हें पर्यटन एवं यात्रा प्रबंधन के क्षेत्र में उपलब्ध व्यवसायिक संभावनाओं से परिचित कराना है।

पांच दिवसीय कार्यक्रम के दौरान पर्यटन एवं यात्रा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। इसमें उद्यमिता के अवसर, व्यवसाय नियोजन, टूर एवं ट्रैवल संचालन, डिजिटल मार्केटिंग, ग्राहक संबंध प्रबंधन, आतिथ्य सेवाएं तथा पर्यटन उद्योग में उभरती संभावनाओं जैसे विषय शामिल होंगे।

कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिभागियों को पर्यटन उद्योग की कार्यप्रणाली, व्यवसाय संचालन की प्रक्रियाओं और आधुनिक प्रबंधन तकनीकों की व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी। साथ ही उन्हें पर्यटन क्षेत्र में स्वरोजगार एवं अपना उद्यम स्थापित करने के लिए आवश्यक कौशल विकसित करने का अवसर मिलेगा।

विश्वविद्यालय की यह पहल युवाओं को उद्यमिता के प्रति प्रोत्साहित करने, आत्मनिर्भर बनाने तथा पर्यटन एवं यात्रा उद्योग में नए व्यवसायों और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे प्रतिभागियों को पर्यटन क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं को समझने और उन्हें व्यावसायिक रूप देने में सहायता मिलेगी।

Related Articles

Back to top button