
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : 68,500 सहायक अध्यापक भर्ती-2018 में आरक्षण विसंगति के मामले को लेकर इको गार्डन में पिछले 85 दिनों से धरना दे रहे अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार सुबह करीब नौ बजे रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से उनके आवास पर मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें ज्ञापन सौंपकर पूरे प्रकरण से अवगत कराया। साथ ही राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग और विधान परिषद की संसदीय एवं सामाजिक सद्भाव समिति के आदेशों की प्रतियां भी सौंपीं।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे तूफान सिंह और आशुतोष वर्मा ने बताया कि अभ्यर्थी पिछले 85 दिनों से न्याय की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। इस दौरान प्रदेश के उपमुख्यमंत्रियों, कैबिनेट मंत्रियों, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और एनडीए के सहयोगी दलों के प्रमुख नेताओं से मुलाकात की गई, लेकिन अब तक सिर्फ आश्वासन मिले हैं।
प्रतिनिधिमंडल के मुताबिक, रक्षामंत्री ने पूरे मामले को गंभीरता से सुना और विस्तार से चर्चा के लिए अभ्यर्थियों को दिल्ली आने का समय दिया। उन्होंने समाधान की दिशा में सकारात्मक प्रयास करने का भरोसा भी दिलाया। अभ्यर्थियों ने उनसे मुख्यमंत्री स्तर पर हस्तक्षेप कर समस्या का जल्द समाधान कराने की मांग की।

अभ्यर्थियों की प्रमुख मांग है कि पिछड़ा वर्ग आयोगों और विधान परिषद की समिति के आदेशों का अनुपालन कर ओबीसी वर्ग को आरक्षण का लाभ दिया जाए। परिणाम संशोधित कर पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जाए तथा जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई हो।
धरना प्रभारी नवीन चौधरी ने कहा कि जब तक न्याय नहीं मिलता, आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों ने दशहरा, दीपावली, भैयादूज और छठ जैसे त्योहार भी धरना स्थल पर मनाए हैं।
प्रतिनिधिमंडल में तूफान सिंह, आशुतोष वर्मा, नवीन चौधरी, उत्कर्ष वर्मा, मोहित अहलावत, मनीष पटवा और रणबहादुर वर्मा शामिल रहे।