आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, चार छात्रों की असमय मृत्यु, 35 घायल

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, कन्नौज / कौशांबी : आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार स्कूली छात्रों की असमय मृत्यु हो गई, जबकि करीब 35 छात्र-छात्राएं घायल हो गए। हादसा ठठिया थाना क्षेत्र में किलोमीटर संख्या 209.9 के पास हुआ। मथुरा-वृंदावन से शैक्षणिक भ्रमण कर लौट रही छात्रों से भरी बस को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार आलू लदे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के अनुसार, कौशांबी जिले के ओरिएंट पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राएं शैक्षणिक भ्रमण और पिकनिक के लिए मथुरा-वृंदावन गए थे। मंगलवार सुबह करीब 50 छात्र-छात्राओं और छह शिक्षकों को लेकर बस वापस कौशांबी लौट रही थी। रास्ते में ठठिया थाना क्षेत्र के पास चालक ने शौच के लिए बस को सड़क किनारे रोक दिया। इसी दौरान आगरा की ओर से आ रहे अनियंत्रित तेज रफ्तार ट्रक ने खड़ी बस में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार कई छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, यूपीडा की टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं। राहत एवं बचाव कार्य चलाकर घायलों को तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज, तिर्वा पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मेडिकल कॉलेज पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों का हाल जाना और चिकित्सकों से उपचार की जानकारी ली। साथ ही सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। हादसे में चार बच्चों की मृत्यु से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

Related Articles

Back to top button