
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जबलपुर : पश्चिम मध्य रेल ने रेल संरक्षा को मजबूत बनाने और सड़क यातायात को सुगम करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। जबलपुर-मानिकपुर (JBP-MKP) रेलखंड के अंतर्गत समपार फाटक संख्या 402 के स्थान पर सीमित ऊंचाई वाले सबवे (एलएचएस) का निर्माण कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। निर्माण पूरा होने के बाद सुरक्षा की दृष्टि से पुराने समपार फाटक को स्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, वर्ष 2022-23 में स्वीकृत इस परियोजना का निर्माण मारकुंडी-बारामाफी (MKD-BQF) रेलखंड में लगभग 4.74 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। सबवे को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाया गया है, ताकि स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों को सालभर सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से निपटने के लिए सबवे में आधुनिक सम्प एवं पंप प्रणाली स्थापित की गई है। इसके अलावा बारिश से बचाव के लिए रोड कवर शेड का भी विशेष प्रावधान किया गया है। इससे वर्षा के मौसम में भी आवागमन बाधित होने की आशंका कम होगी।
यात्रियों और वाहन चालकों को मिलेगी राहत
इस सबवे के शुरू होने से स्थानीय लोगों को समपार फाटक बंद होने के दौरान लगने वाले इंतजार से मुक्ति मिलेगी। इससे समय और ईंधन की बचत होगी। वहीं, रेल और सड़क यातायात के बीच संभावित टकराव एवं दुर्घटनाओं का खतरा भी कम होगा।
समपार फाटक हटने से ट्रेनों के निर्बाध संचालन में मदद मिलेगी। इससे रेलखंड पर ट्रेनों की गति और समयपालनता में सुधार की संभावना है।
पश्चिम मध्य रेल प्रशासन के अनुसार, रेल यात्रियों और सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए अधोसंरचना विकास के कार्य लगातार किए जा रहे हैं। एलएचएस निर्माण भी इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

