अयोध्या-जनकपुर के बीच शुरू हुई सरयू-कमला एक्सप्रेस, भारत-नेपाल के सांस्कृतिक और धार्मिक रिश्तों को मिलेगी नई मजबूती

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, अयोध्या / नई दिल्ली ; भारत और नेपाल के सदियों पुराने सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं पारिवारिक संबंधों को नई मजबूती देने की दिशा में अयोध्या धाम और जनकपुर धाम के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस की शुरुआत की गई। अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन पर आयोजित शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विरासत और विकास’ के दृष्टिकोण का महत्वपूर्ण उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि यह रेल सेवा केवल दो धार्मिक नगरों को जोड़ने का माध्यम नहीं, बल्कि दोनों देशों की साझा विरासत, आस्था, व्यापार और पर्यटन को नई गति देने वाली कड़ी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मां सरयू की पावन धारा से सिंचित अयोध्या और मां कमला के जल से अभिसिंचित माता जानकी की भूमि जनकपुर का जुड़ाव हजारों वर्षों पुराने संबंधों को नया विस्तार देगा। इससे नेपाल के श्रद्धालु अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन कर सकेंगे, वहीं भारत के श्रद्धालुओं को जनकपुर धाम में माता जानकी के दर्शन की सुविधा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि भारत-नेपाल का संबंध केवल दो पड़ोसी देशों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राम-जानकी परंपरा, संस्कृति और पारिवारिक आत्मीयता से जुड़ा है। इसे ‘रोटी-बेटी का रिश्ता’ कहा जाता है। विवाह पंचमी के अवसर पर अयोध्या और जनकपुर में होने वाले धार्मिक आयोजनों में यह आत्मीयता आज भी दिखाई देती है। मुख्यमंत्री ने राम मंदिर आंदोलन में नेपाल के संतों और श्रद्धालुओं के योगदान को भी स्मरण किया।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पशुपतिनाथ से काशी विश्वनाथ और लुंबिनी से कुशीनगर तक दोनों देशों की साझा आध्यात्मिक विरासत फैली हुई है। नेपाल की नदियां भी उत्तर प्रदेश के जनजीवन और कृषि को समृद्ध करती हैं। उन्होंने केंद्र सरकार की ‘पड़ोसी प्रथम’ नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि सड़क, रेल, डिजिटल और ऊर्जा संपर्क का विस्तार भारत-नेपाल संबंधों को नई दिशा दे रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि रुपईडीहा में लैंड पोर्ट, बाराबंकी-बहराइच फोरलेन, सोनौली-भैरहवा इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट और गोरखपुर-सोनौली मार्ग जैसी परियोजनाओं से सीमावर्ती क्षेत्रों में आवागमन और व्यापार को बढ़ावा मिल रहा है। अयोध्या से सीतामढ़ी होते हुए जनकपुर तक प्रस्तावित श्रीराम-जानकी मार्ग भी इस संपर्क को विस्तार देगा।

उन्होंने कहा कि सरयू-कमला एक्सप्रेस उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल के 10 महत्वपूर्ण मध्यवर्ती स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इससे धार्मिक पर्यटन, होटल व्यवसाय, स्थानीय हस्तशिल्प और परिवहन क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। विशेष रूप से जनकपुर की मिथिला पेंटिंग से जुड़ी महिला कलाकारों को अपने उत्पादों के लिए नए बाजार मिल सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक रेल संपर्क से रामायण सर्किट और बौद्ध सर्किट को भी विस्तार मिलेगा। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव दिल्ली से शामिल हुए। अयोध्या में जनप्रतिनिधियों एवं रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति रही।

Related Articles

Back to top button