
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, नई दिल्ली : रेलवे ट्रैक और स्टेशन परिसरों को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के सहयोग से विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। इस अभियान के तहत 22 नवंबर 2026 की रात दया बस्ती रेलवे स्टेशन और यार्ड की रेलवे लाइनों के किनारे जमा लगभग 70 टन कचरा हटाया गया।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, पटरियों के आसपास लंबे समय से जमा कचरा न केवल गंदगी और प्रदूषण का कारण बनता है, बल्कि इससे जल निकासी भी प्रभावित होती है। कचरे के कारण बारिश के दौरान जलभराव की समस्या उत्पन्न होने की आशंका रहती है, जिससे रेलवे परिचालन और यात्रियों की सुरक्षा पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए उत्तर रेलवे और एमसीडी की संयुक्त टीमों ने रात्रिकालीन विशेष सफाई अभियान चलाया। अभियान के दौरान आधुनिक मशीनों और सफाई कर्मचारियों की सहायता से रेलवे ट्रैक के किनारों तथा यार्ड क्षेत्र में जमा कचरे को हटाया गया। इस दौरान लगभग 70 टन कचरे का निस्तारण किया गया।
उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल की यह पहल रेलवे परिसरों में स्वच्छता बनाए रखने के साथ-साथ स्थानीय नागरिक निकायों के बीच बेहतर समन्वय का उदाहरण है। रेलवे प्रशासन ने कहा कि इस तरह के अभियान से रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों को साफ-सुथरा रखने में मदद मिलेगी। साथ ही जलभराव और गंदगी से जुड़ी समस्याओं को भी कम किया जा सकेगा।
उत्तर रेलवे ने रेल यात्रियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे रेलवे पटरियों और स्टेशन परिसरों में कचरा न फेंकें तथा स्वच्छ भारत अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
