
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ के विधि विभाग की ओर से संविधान दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं की श्रृंखला के अंतर्गत 23 नवंबर को ‘भारतीय संविधान – इतिहास, सिद्धांत एवं संवैधानिक शासन’ विषय पर क्विज प्रतियोगिता के प्रथम चरण का आयोजन किया गया। इसके तहत विद्यार्थियों के लिए लिखित परीक्षा आयोजित हुई, जिसमें उन्होंने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता का अगला चरण 25 नवंबर को आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल के संरक्षण तथा कार्यक्रम समन्वयक एवं विधि विभागाध्यक्ष प्रो. सुदर्शन वर्मा के मार्गदर्शन में संपन्न हो रहा है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. अनीस अहमद, डॉ. खुशनुमा बानो एवं डॉ. नवनीत कृष्ण का विशेष योगदान रहा।
संविधान दिवस के अवसर पर विधि विभाग की ओर से विद्यार्थियों में भारतीय संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाने, संवैधानिक मूल्यों की समझ विकसित करने तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति जिम्मेदारी की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
इसी क्रम में क्विज प्रतियोगिता के अलावा स्लोगन लेखन, पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता, रैली और संगोष्ठी का भी आयोजन किया जा रहा है। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान के इतिहास, उसके मूल सिद्धांतों, नागरिक अधिकारों और कर्तव्यों से परिचित कराने का प्रयास किया जा रहा है।
विभाग के अनुसार, सभी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को 25 नवंबर को आयोजित होने वाले कार्यक्रम के दौरान सम्मानित किया जाएगा। इन आयोजनों से विद्यार्थियों में संवैधानिक चेतना और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता विकसित होने की उम्मीद है।