बृज की रसोई ने 2 हजार जरूरतमंदों को कराया भोजन, गोविंद सिंह ठाकुर का मनाया जन्मदिन

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ ; प्रेरणास्रोत बाबा नीम करौली जी की कृपा से इण्डियन हेल्पलाइन सोसाइटी के सेवा प्रकल्प ‘बृज की रसोई’ की ओर से रविवार, 22 नवंबर 2026 को कार्तिक शुक्ल पक्ष त्रयोदशी के पावन अवसर पर आशियाना में निःशुल्क भोजन वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस सेवा अभियान के माध्यम से लगभग दो हजार निराश्रित, असहाय और जरूरतमंद लोगों को सम्मानपूर्वक भोजन कराया गया।

संस्था के संस्थापक विपिन शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों, बुजुर्गों, श्रमिकों और जरूरतमंद परिवारों को भोजन वितरित किया गया। इस दौरान संस्था के लिटिल सदस्य गोविंद सिंह ठाकुर का जन्मदिन भी केक काटकर हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। संस्था परिवार ने नन्हे गोविंद को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और सुखमय जीवन की कामना की।

इस अवसर पर संस्थापक विपिन शर्मा ने कहा कि संस्था का उद्देश्य है कि कोई भी व्यक्ति भूखा न सोए और समाज के प्रत्येक जरूरतमंद तक सेवा एवं सहयोग पहुंचे। सेवा केवल भोजन उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंदों को सम्मान, अपनापन और खुशियां देना भी इसका महत्वपूर्ण हिस्सा है।

उन्होंने सेवा अभियान में सहयोग देने वाले सभी दानदाताओं, स्वयंसेवकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही समाज के सक्षम लोगों से इस पुनीत कार्य में आगे आकर सहभागी बनने की अपील की।

कार्यक्रम को सफल बनाने में जालिम सिंह, विजयपाल सिंह, संजय श्रीवास्तव, बलवंत सिंह, विकास पाण्डेय, सत्यम वर्मा, अनुराग दुबे, ईशू श्रीवास्तव, अखिलेश सिंह, उमाशंकर यादव और गोविन्द सिंह ठाकुर सहित अन्य सहयोगियों का विशेष योगदान रहा।

संस्था ने अपने सेवा संकल्प ‘एक ही ध्येय, प्राणी मात्र सेवा’ को दोहराते हुए भविष्य में भी जरूरतमंदों की सहायता जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button