
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, गोरखपुर : छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे के अपर महाप्रबंधक विनोद कुमार शुक्ला ने गुरुवार को वरिष्ठ रेल अधिकारियों के साथ गोरखपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन से संबंधित इंतजामों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर महाप्रबंधक ने स्टेशन परिसर, अस्थायी यात्री आश्रय स्थलों, प्लेटफार्मों, प्रवेश एवं निकास द्वार तथा यात्रियों के आवागमन की व्यवस्था देखी। उन्होंने ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान के समय यात्रियों की भीड़ नियंत्रित करने के लिए बनाए गए होल्डिंग एरिया का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने रेल कर्मचारियों के वाहन पार्किंग स्थल के पास बैरिकेडिंग कराने और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्टेशन परिसर में खाली स्थानों की साफ-सफाई कराकर पौधरोपण एवं सौंदर्यीकरण पर भी जोर दिया। मल्टीलेवल कार पार्किंग के पास अवैध रूप से खड़े वाहनों को तत्काल हटाने का निर्देश दिया।

अपर महाप्रबंधक ने अनारक्षित टिकट काउंटर, एटीवीएम, यात्री सहायता बूथ, खानपान स्टॉल, प्रसाधन और पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यात्रियों एवं रेल कर्मचारियों से बातचीत कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी प्राप्त की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्थायी यात्री आश्रय स्थलों में बैठने, पेयजल, प्रकाश, स्वच्छता और उद्घोषणा प्रणाली की पर्याप्त व्यवस्था बनाए रखी जाए। यात्रियों को ट्रेनों के आगमन एवं प्रस्थान की जानकारी समय पर उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने कहा कि छठ पर्व के दौरान यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और भीड़ नियंत्रण सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। स्टेशन परिसर में स्वच्छता एवं यात्री सुविधाओं की नियमित निगरानी भी सुनिश्चित की जाए।
