पूर्वोत्तर रेलवे की 46 महिला कर्मचारियों ने किया नैमिषारण्य धाम का भ्रमण, कर्मचारी कल्याण निधि से हुआ आयोजन

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल प्रशासन की ओर से कर्मचारी कल्याण की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई। इसके तहत लखनऊ परिक्षेत्र की 46 महिला रेल कर्मचारियों को कर्मचारी कल्याण निधि के माध्यम से नैमिषारण्य धाम एवं आसपास के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया गया। इस आयोजन का उद्देश्य महिला कर्मचारियों को कार्य की व्यस्तता से दूर मानसिक सुकून देने के साथ धार्मिक एवं ऐतिहासिक धरोहरों से परिचित कराना रहा।

वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता के दिशा-निर्देशन में आयोजित इस भ्रमण शिविर के दौरान महिला कर्मचारियों ने नैमिषारण्य के विभिन्न पौराणिक एवं धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। इस दौरान उन्होंने ललिता देवी मंदिर, हनुमान गढ़ी मंदिर, चक्रतीर्थ, बालाजी मंदिर, विष्णु मंदिर और वेद व्यास पीठ सहित कई प्रमुख स्थलों का भ्रमण किया।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने कहा कि रेलवे प्रशासन कर्मचारियों के कल्याण और उनके सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है। भ्रमण शिविर का प्रमुख उद्देश्य महिला कर्मचारियों को धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व के स्थलों के दर्शन कराने के साथ उनके मानसिक तनाव को कम करना और सामाजिक जुड़ाव को बढ़ावा देना है।

उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन कर्मचारियों में कार्य के प्रति उत्साह, सकारात्मक सोच और नई ऊर्जा का संचार करते हैं। साथ ही आपसी मेलजोल और सामूहिक सहभागिता को भी प्रोत्साहित करते हैं।

पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन की इस पहल से महिला रेल कर्मचारियों को अपने व्यस्त कार्यक्षेत्र से कुछ समय निकालकर आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण में समय बिताने का अवसर मिला। रेलवे प्रशासन ने कर्मचारी कल्याण से जुड़े प्रयासों को निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।

Related Articles

Back to top button