
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, ओरछा : मध्य प्रदेश के ऐतिहासिक एवं धार्मिक नगरी ओरछा स्थित राम राजा मंदिर में 30 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक तीन दिवसीय रामलीला का भव्य आयोजन किया गया। सभ्यता फाउंडेशन ने मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड के सहयोग से इस सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें देशभर में पहचान बना चुके शुभ प्रवेश इवेंट्स रामलीला ग्रुप के 32 कलाकारों ने पारंपरिक नाट्य शैली में रामायण के प्रमुख प्रसंगों का जीवंत मंचन किया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद महेश केवट, ओरछा नगर परिषद अध्यक्ष शिशुपाल सिंह राजपूत, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश पतेरिया, जिलाधिकारी श्रीमती जमुना भिड़े और एसडीएम अशोक जैन सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभ्यता फाउंडेशन के सीईओ पराग साहनी ने अतिथियों का स्वागत किया।

तीन दिनों तक चली रामलीला में रामायण की पूरी कथा को विभिन्न प्रमुख प्रसंगों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। पहले दिन भगवान राम के जन्म, बाल लीलाओं और सीता स्वयंवर का मंचन हुआ। दूसरे दिन राम वनवास और माता सीता के हरण की घटनाएं दिखाई गईं। अंतिम दिन हनुमान जी की लंका यात्रा, राम-रावण युद्ध और रावण वध का प्रभावशाली मंचन किया गया।
राम राजा मंदिर में रामलीला का आयोजन विशेष महत्व रखता है, क्योंकि यहां भगवान श्रीराम की पूजा राजा के रूप में होती है। मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड के अनुसार, ऐसे आयोजन ओरछा की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को पर्यटन से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
सभ्यता फाउंडेशन की एडवाइजरी बोर्ड की सह-अध्यक्ष श्रीमती अवंतिका डालमिया ने आयोजन की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी ओरछा में ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

यह पहल ओरछा को प्रमुख हेरिटेज टूरिज्म केंद्र के रूप में विकसित करने और उसकी ऐतिहासिक पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

