त्योहारी सीजन में रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा कड़ी, उत्तर रेलवे ने तैनात किए 2040 आरपीएफ जवान

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, नई दिल्ली : त्योहारी मौसम में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है। यात्रियों की सुरक्षा, सुगम आवागमन और भीड़ प्रबंधन के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के कुल 2040 जवानों की तैनाती की गई है। इनमें 1300 अतिरिक्त जवान शामिल हैं, जिन्हें विशेष रूप से त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली यात्री संख्या को ध्यान में रखते हुए तैनात किया गया है।

उत्तर रेलवे की ओर से नई दिल्ली, आनंद विहार, हजरत निजामुद्दीन और पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशनों पर विशेष निगरानी की व्यवस्था की गई है। इन प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों की आवाजाही को नियंत्रित करने और भीड़ के कारण होने वाली परेशानियों को रोकने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल लगाया गया है।

रेलवे प्रशासन के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए आरपीएफ के जवान 24 घंटे ड्यूटी पर तैनात रहेंगे। इसका उद्देश्य किसी भी अप्रिय घटना को रोकना, यात्रियों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराना और स्टेशनों पर सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना है।

त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपने घरों और गंतव्यों तक पहुंचने के लिए रेल यात्रा करते हैं। ऐसे में स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था रेलवे प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण चुनौती होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।

उत्तर रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें। किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की जानकारी तत्काल ड्यूटी पर मौजूद आरपीएफ जवानों को दें। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से सहयोग की अपील करते हुए सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया है।

Related Articles

Back to top button