वेटरनरी फार्मासिस्ट संवर्ग का पदनाम बदलने की मांग, एमएलसी लाल जी निर्मल को सौंपा ज्ञापन

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : उत्तर प्रदेश पशु चिकित्सा फार्मासिस्ट संघ के प्रतिनिधिमंडल ने विधानपरिषद् सदस्य लाल जी निर्मल से मुलाकात कर वेटरनरी फार्मासिस्ट संवर्ग के पदनाम परिवर्तन की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने विधायक से इस मांग को शासन स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाने और आवश्यक पहल करने का अनुरोध किया।

संघ के पदाधिकारियों ने विधायक को अवगत कराया कि पशुपालन विभाग में वेटरनरी फार्मासिस्ट संवर्ग के कार्यों, दायित्वों और तकनीकी जिम्मेदारियों में लगातार विस्तार हुआ है। वर्तमान में संवर्ग का पदनाम उसकी शैक्षिक एवं तकनीकी योग्यता, कार्यक्षेत्र और वास्तविक जिम्मेदारियों के अनुरूप नहीं है। ऐसे में पदनाम में बदलाव आवश्यक हो गया है।

संघ की प्रमुख मांग है कि वेटरनरी फार्मासिस्ट का पदनाम बदलकर ‘पशुचिकित्सा फार्मेसी अधिकारी’ तथा चीफ वेटरनरी फार्मासिस्ट का पदनाम ‘मुख्य पशुचिकित्सा फार्मेसी अधिकारी’ किया जाए। संघ का मानना है कि इससे कर्मचारियों को उनकी तकनीकी विशेषज्ञता और कार्यप्रकृति के अनुरूप पहचान एवं सम्मान मिल सकेगा।

इस अवसर पर संघ के प्रांतीय अध्यक्ष अशोक कुमार, कार्यकारी महामंत्री सत्य प्रकाश शर्मा और वरिष्ठ उपाध्यक्ष विपिन कुमार सिंह प्रतिनिधिमंडल में शामिल रहे।

संघ के प्रांतीय अध्यक्ष अशोक कुमार ने कहा कि पदनाम परिवर्तन केवल नाम बदलने का विषय नहीं है, बल्कि यह संवर्ग की तकनीकी पहचान, विभागीय गरिमा और कर्मचारियों के मनोबल से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा है। उन्होंने कहा कि संघ अपनी मांग को लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से शासन के समक्ष रख रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने विधायक से इस विषय पर सकारात्मक पहल कर संवर्ग को न्याय दिलाने में सहयोग की अपेक्षा जताई।

Related Articles

Back to top button