
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : फिटनेस, साइकिलिंग और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के नेताजी सुभाष क्षेत्रीय केंद्र (NSRC), लखनऊ में रविवार को राष्ट्रीय एकता दिवस की थीम पर ‘संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। सेठ एमआर जयपुरिया स्कूल के एनसीसी कैडेट्स एवं अधिकारियों के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 50 कैडेट्स और अधिकारियों ने हिस्सा लिया। वहीं, उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड के 100 खेलो इंडिया केंद्रों से लगभग 1500 प्रतिभागी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
SAI NSRC लखनऊ के क्षेत्रीय निदेशक प्रभारी आत्मप्रकाश के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत जुंबा और योग सत्र से हुई। इसके बाद स्किपिंग और पुश-अप चैलेंज सहित विभिन्न फिटनेस गतिविधियां आयोजित की गईं। इन गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को नियमित व्यायाम और शारीरिक सक्रियता का महत्व बताया गया। कार्यक्रम में एसोसिएट एनसीसी अधिकारी रवि मिश्रा एवं प्रशांत त्रिपाठी भी मौजूद रहे।
पांच किलोमीटर की साइकिल रैली निकाली
फिटनेस गतिविधियों के बाद SAI NSRC के शांति नगर परिसर में पांच किलोमीटर की साइकिल रैली आयोजित की गई। इसमें एनसीसी कैडेट्स, अधिकारियों और स्थानीय फिटनेस प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के माध्यम से लोगों को साइकिलिंग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ रहने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में फिट इंडिया मूवमेंट और खेलो इंडिया योजना के तहत खेल एवं व्यायाम के महत्व पर प्रकाश डाला गया। साथ ही युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और सामाजिक सहभागिता विकसित करने पर जोर दिया गया। प्रतिभागियों को टी-शर्ट और जलपान भी वितरित किया गया।
SAI NSRC लखनऊ के वरिष्ठ अधिकारियों लेफ्टिनेंट कर्नल गौरव सिंह, मनीष कुमार और प्रवीण कुमार सीएम ने आयोजन की सराहना करते हुए खेल एवं शारीरिक व्यायाम को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने के संकल्प के साथ हुआ।